डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, सीएम बोले- रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
सीएम बोले- रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार, भोपाल में 15 हजार रोजगार के अवसर बनेंगे
सीएम डॉ. यादव ने किया भोपाल स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भूमि पूजन, 15 हजार रोजगार
Bhopal 06 July 2026
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगी और प्रदेश के गरीब, अन्नदाता, युवा एवं महिलाओं के कल्याण का मजबूत आधार बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से विशेष संबंध रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश भी औद्योगिक निवेश एवं रोजगार सृजन में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
किसानों, युवाओं और महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गारमेंट उद्योग से कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा, वहीं उद्योगों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

यह भी पढ़े :-डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन कर बोले सीएम मोहन यादव— मध्यप्रदेश में इसी महीने लागू होगी समान नागरिक संहिता (UCC)
उन्होंने बताया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 15 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को उद्योगों में रोजगार मिलने पर अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।
निवेश से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2025 के माध्यम से प्रदेश को 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है।
किसान कल्याण वर्ष में अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के नए एमओयू भी हस्ताक्षरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की रक्षा उत्पादन इकाई तथा मुरैना में सोलर परियोजना की शुरुआत की गई है। गुना में 2,000 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है।
यूसीसी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा प्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक देश, एक विधान, एक निशान, एक प्रधान” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
यह भी पढ़े :-विधायक दिनेश राय मुनमुन ने लखनादौन आगमन पर पदयात्रा का किया स्वागत
उन्होंने कहा कि सभी वर्गों से सुझाव लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और प्रदेश समान कानून लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क
औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सतगढ़ी में लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र में स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित की जा रही है।
यह क्षेत्र राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तथा राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बेहतर कनेक्टिविटी रखता है।
उन्होंने बताया कि यहां 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जो प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर होगा।
यह भी पढ़े :-भूमि घोटाले के आरोपों को लेकर कांग्रेस का मौन सत्याग्रह, सीएम डॉ. मोहन यादव के खिलाफ जताया विरोध
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।
वहीं विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क राजधानी भोपाल की नई औद्योगिक पहचान बनेगा और हजारों युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगा।



