सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री के रूप मे शिवराज सिंह जी का 18 वर्षीय कार्यकाल उपलब्धियों भरा एवं बिमारू राज्य से विकासशील राज्य की ओर अग्रसर रहने वाला कार्यकाल रहा है। इस दौरान बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिचांई, सडकों का निर्माण एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ ही प्रदेश सरकार ने सर्वाहारा वर्ग के सर्वांगीण विकास और लोगों के जीवन स्तर को उंचा उठाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया गया है
उक्ताशय की बात आज भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे द्वारा पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही गई। श्री दुबे ने कहा कि, आज समाज का कोई ऐसा वर्ग नहीं है जो प्रदेश सरकार की जनकल्याण कारी योजनाओं से लाभान्वित न हो गरीब, पिछड़े, वंचित, युवावर्ग , छात्र छात्राओं, महिलाओं किसानों, सहित सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। हमारी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के लोगों के उत्थान और प्रदेश के सर्वागीण विकास के लिये पूरी प्रतिब्धता के साथ कार्य किया है।
श्री दुबे द्वारा कहा गया कि प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री रहते हुए शिवराज सिंह चौहान के 18 वर्षों के कार्यकाल के दौरान बनाई गई जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी रखी एवं साथ ही पिछले 9 वर्षों में केंद्र में मोदी सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों का भी विस्तृत उल्लेख करते हुए बताया कि देश और प्रदेश विकास के लिए हर पैमाने पर सरकार द्वारा कदम उठाए गए हैं जिसका लाभ लोगों तक पहुंचा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं का लाभ सिवनी जिले में किस स्तर तक तथा किन लोगों तक पहुंचा है इसका भी विस्तृत विवरण रखते हुए कहा कि पहले की सरकारों में विकास के कार्य सिर्फ कागज पर दिखते थे लेकिन आज उन्हें धरातल पर उतरा गया है।
श्री दुबे ने कहा कि, भारत राजनीतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी आज मजबूत हुआ है। लोगों में राष्ट्रवाद को लेकर एक नव चेतना जागृत हुई है। देश ही नहीं बल्कि पूरा विश्व आज भारत की ओर आशाभरी निगाहों से देख रहा है उसे भारत से बहुत उम्मीदें हैं। और इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए अभूतपूर्व और उल्लेखनीय कार्य हैं जो आज विश्व को आकर्षित कर रहे हैं।
भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बना
श्री दुबे ने कहा कि, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के प्रधानमंत्री बनते ही भारत को विकसित राष्ट, बनाने का बीड़ा उठाया। देश को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था,5 ट्रिलियन इकॉनॉमी और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है वही दूसरी तरफ कांग्रेस अपने शासन में सिर्फ घोटाले करती है। बोफोर्स घोटाला, टूजी घोटाला,कोयला घोटाला,वोट के बदले नोट घोटाला, नेशनल हेराल्ड घोटाला, राफेल खरीदी घोटाला, जैसे अनेक घोटालों में लिप्त रही है इन्होंने सत्ता में रहते हुए सिर्फ देश व प्रदेश को लूटने का कार्य किया है। अब यह मध्यप्रदेश की जनता को तय करना है कि वह विकास के साथ है या घोटालों के साथ।
गरीब कल्याण के लिये सरकार ने किये ऐतिहासिक काम
श्री दुबे ने कहा कि 2014 में सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने 60 करोड़ गरीबों का जीवन स्तर ऊपर उठाया। 14 करोड़ लोग गरीबी की सीमा रेखा से बाहर हुए। लगभग 10 सालों में देश की आबादी 10 प्रतिशत लोगों को गरीबी रेखा से बाहर करके मोदी जी गरीब कल्याण के पुरोधा बन गए और उनकी योजनाओं का लाभ मध्यप्रदेश को भी मिला। बंटाढार सरकार ने राज्य के बजट को 23000 करोड़ पर छोड़ दिया था, जिसे शिवराज जी की सरकार ने 3.14 लाख करोड़ तक पहुंचाया है। प्रति व्यक्ति आय 11700 से बढ़कर 1.40 लाख रुपये हो गई। रीवा, ग्वालियर और जबलपुर एयरपोर्ट का विकास हो रहा है, 35 रेल्वे स्टेशन विश्वस्तरीय बनाए जा रहे हैं। प्रदेश में हुए इस रिकॉर्ड तोड़ विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री शिवराज जी को साधुवाद के पात्र हैं।
विकास और जनकल्याण के आधार पर पुन: बनेगी भाजपा की सरकार
श्री दुबे ने कहा कि पहले की सरकारें टुकड़े-टुकड़े विकास पर विश्वास करती थीं। बंटाढार सरकार के समय प्रदेश की सड़कें बदनाम थीं, भाजपा सरकार ने अच्छी क्वालिटी की सड़कें बनाईं और राष्ट्रीय राजमार्ग जो सिर्फ 4800 किलोमीटर थे, उन्हें 13000 किलोमीटर तक पहुंचाया। प्रदेश की विकास दर 16 प्रतिशत हो गई है और सिंचाई क्षमता 47 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गई है। प्रदेश की 46 लाख बेटियां लाडली लक्ष्मी बन चुकी हैं। सिवनी जिले सहित प्रदेश में 24 मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और मेडिकल, इंजीनियरिंग तथा पॉलीटेक्निक की पढ़ाई हिंदी में शुरू कराई जा रही है। रेल विस्तार का काम तेजी से चल रहा है। ओंकारेश्वर में 2400 करोड़ की लागत से आदि शंकराचार्य अद्वैत स्मारक बनाया जा रहा है, तो उज्जैन में महाकाल महालोक बनकर तैयार हो चुका है। मध्यप्रदेश सरकार ने आदिवासियों को उनके अधिकार देने के लिए पेसा एक्ट लागू किया है तथा जनजातीय इतिहास को संजोने के लिए संग्रहालय बनाए जा रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रदेश की 9 करोड़ जनता का आशीर्वाद हमें मिलेगा।
बीमारू राज्य का कलंक मिटाया भाजपा ने
श्री दुबे ने कहा कि 2003 से पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य हुआ करता था। 2003 में आई भाजपा की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य के कलंक से मुक्ति दिलाई। 2003 से 2023 तक के 20 साल प्रदेश में गरीबी से मुक्ति का स्वर्णकाल रहे हैं और इन सालों में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की नींव डाली गई। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी और प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने मध्यप्रदेश की दिल खोलकर मदद की। डबल इंजन वाली सरकार ने प्रदेश में विकास के नए प्रतिमान गढ़े। न सिर्फ सड़क, बिजली और पानी की समस्या दूर हुई, बल्कि शिक्षा,स्वास्थ्य,सुशासन और विकास के सभी मापदंडों पर प्रदेश को आगे बढ़ाया।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ ही पूर्व जिला अध्यक्ष वेद सिंह ठाकुर, मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप राय एवं ज्ञानचंद सनोडिया इत्यादि उपस्थित रहे।