26 अगस्त को सिवनी सहित जिलेभर में मनाई जाएगी ईद मिलादुन्नबी, जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियां तेज
26 अगस्त तक होंगे महफिल-ए-मिलाद और धार्मिक आयोजन; जुलूस मार्गों पर सुरक्षा, सफाई, पानी व प्रकाश व्यवस्था की मांग
ईद मिलादुन्नबी 26 अगस्त को: सिवनी में जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियां तेज
Seoni 21 August 2026
सिवनी यशो:- पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी 26 अगस्त को सिवनी सहित जिलेभर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर सिवनी शहर सहित विभिन्न मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। पर्व को लेकर स्थानीय जमातों और आयोजन समितियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सूफी सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला शांति समिति सदस्य मंजूर रजा कादरी ने बताया कि इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी उल अव्वल की 12 तारीख को ईद मिलादुन्नबी मनाई जाती है। इसके तहत 15 से 26 अगस्त तक महफिल-ए-मिलाद, जिक्र-ए-मोहम्मद, नातिया कार्यक्रम, धार्मिक तकरीर और लंगर-ए-आम सहित विभिन्न आयोजन होंगे।
मस्जिद नूर अंबिया में होंगे धार्मिक कार्यक्रम
मस्जिद नूर अंबिया सहित विभिन्न स्थानों पर नमाज-ए-इशा के बाद धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार 15 अगस्त की रात्रि विशेष जलसे में मौलाना रेहान रजा दुर्रानी नागपुर एवं मुफ्ती तौहिद आलम रजवी ने संबोधित किया।
26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी
ईद मिलादुन्नबी के मुख्य अवसर पर 26 अगस्त को सिवनी शहर सहित जिले के विभिन्न मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में स्थानीय परंपरा और निर्धारित समय के अनुसार जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस में नातिया कार्यक्रम, उलमा-ए-अहले सुन्नत व जमात की तकरीर सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।
श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर लंगर, भंडारा, शरबत और छबील की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजन
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सिवनी शहर के अलावा बोरदई, गोपालगंज, कुरई, खवासा, भोमा, धनौरा, छपारा, बरघाट, आदेगांव, पलारी, भीमगढ़, बोरिया, सुनवारा, गणेशगंज, दारोट, कहानी, घंसौर, धूमा, बंजारी, भरगा, तिलबोड़ी, इमलिया, केकड़ा, बीबी कटोरी, जामुनपानी, जोगीवाड़ा, बिरिया, सिमरिया, प्रतापगढ़, देवरी, चंडी, बखारी, पायली, बंडोल, हिनौतिया, छतरपुर, छिंदा, कोहका, बहनाटोला, रुमाल, पांडेया सहित विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।
सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की मांग
बड़े धार्मिक आयोजन को देखते हुए मंजूर रजा कादरी ने जिला प्रशासन से जुलूस मार्गों पर चाक-चौबंद सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने नगर पालिका परिषद सिवनी, बरघाट, केवलारी, छपारा एवं लखनादौन से जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है।
शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील
आयोजकों ने जिले के सभी धर्मावलंबियों से ईद मिलादुन्नबी को शांति, सद्भाव, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा यातायात एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आग्रह किया गया है।
मंजूर रजा कादरी ने जिलेवासियों से धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनने और आपसी भाईचारे की भावना के साथ ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाने की अपील की है।
यह भी पढ़े :-
संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर आज से निकलेगी भव्य कलश रथ यात्रा



