गांधी चौक में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम दरबार की स्थापना, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा शहर
चैत्र नवरात्र पर भव्य आयोजन, सैकड़ों दीपों से जगमगाया श्रीराम दरबार, प्रतिदिन होगी महाआरती
श्री राम दरबार गांधी चौक सिवनी
सिवनी | धार्मिक आयोजन
सिवनी यशो:- हिंदू नववर्ष के साथ शक्ति उपासना के महापर्व चैत्र नवरात्र का शुभारंभ 19 मार्च से हो चुका है। इस पावन अवसर पर पूरे शहर में भगवा स्वागत द्वार, ध्वज-पताका, तोरण एवं मंदिरों में घट स्थापना के साथ पूजा-अर्चना का वातावरण बना हुआ है।

इसी क्रम में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर के हृदय स्थल गांधी चौक (शुक्रवारी) में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य दरबार की स्थापना की गई। इस दौरान हजारों सनातनी श्रद्धालुओं की उपस्थिति में “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन
दरबार स्थापना के साथ ही रात्रि 8 बजे से सुमधुर भजनों एवं संगीतमय सामूहिक महाआरती का आयोजन प्रारंभ हो गया है। प्रथम दिवस पर सैकड़ों दीपों की रोशनी से गांधी चौक स्थित श्रीराम दरबार जगमगा उठा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आरती का पुण्य लाभ अर्जित किया।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से आरती में भाग लिया। आरती के पश्चात सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
प्रतिदिन होगा आयोजन
आयोजकों द्वारा जानकारी दी गई है कि गांधी चौक (शुक्रवारी) प्रांगण में स्थापित श्रीराम दरबार में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से सामूहिक भजन एवं संगीतमय महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
नगरवासियों से अपील
इस पावन अवसर पर नगर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की गई है कि वे सपरिवार उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक आयोजन में सहभागी बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें।




