सिवनी नगरपालिका में ‘करोड़ों का खेल’! कांग्रेस का आरोप- डेढ़ घंटे में 117 प्रस्ताव पास, खरीदी से भुगतान तक बड़ा भ्रष्टाचार
पहले भ्रष्ट अफसरों की पोस्टिंग, फिर करोड़ों की खरीदी! सिवनी नगरपालिका पर कांग्रेस के गंभीर आरोप
सिवनी नगरपालिका भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस ने उठाए करोड़ों की खरीदी पर सवाल
Seoni 11 July 2026
सिवनी यशो:- सिवनी नगरपालिका में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता पार्टी और नगरपालिका प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि नगरपालिका में नियमों को दरकिनार कर करोड़ों रुपये की खरीदी, भुगतान और पदस्थापन से जुड़े फैसले लिए जा रहे हैं।
उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- दतिया उपचुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, सिवनी के पूर्व संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार
मरावी ने आरोप लगाया कि सिवनी नगरपालिका में प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी के रूप में दिशा डहेरिया को नियमों के विपरीत जिम्मेदारी सौंपी गई।
उनके कार्यभार संभालने के बाद भवन निर्माण अनुमति सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारियां बदली गईं और कुछ अधिकारियों को हटाकर अन्य अधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंप दिए गए।
उन्होंने इसे सुनियोजित प्रशासनिक फेरबदल बताया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि 25 जून 2026 को उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा विशाल मर्सकोले को मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर बनाए रखने का आदेश दिए जाने के बावजूद उन्हें प्रभार नहीं सौंपा गया, जो न्यायालय के आदेश की अवहेलना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 6 जुलाई को आयोजित परिषद की बैठक में 117 विषय महज एक घंटे 45 मिनट में बिना पर्याप्त चर्चा के पारित कर दिए गए।
बैठक में ट्रैक्टर, ट्रॉली, जेसीबी, चलित शौचालय, पेयजल सामग्री, स्वास्थ्य शाखा की सामग्री सहित करोड़ों रुपये की खरीदी से जुड़े प्रस्ताव शामिल थे।
यह भी पढ़े :- 102 अधिकारियों-कर्मचारियों पर गिरी गाज, संबल योजना में लापरवाही पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन
मरावी का आरोप है कि पार्षदों को एजेंडा अवकाश के दिन मात्र दो दिन पहले दिया गया ताकि वे फाइलों का अध्ययन न कर सकें और आपत्ति दर्ज न हो सके।
कांग्रेस ने अमृत 2.0 योजना के तहत भीमगढ़ से बबरिया तक बिछाई जा रही जलापूर्ति पाइपलाइन परियोजना पर भी सवाल उठाए हैं।
मरावी का आरोप है कि प्रभारी सीएमओ द्वारा कार्यभार संभालने के पांच दिन के भीतर ही ठेकेदार को 4 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान कर दिया गया, जबकि कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का समुचित परीक्षण नहीं किया गया।
यह भी पढ़े :-संगठन की मजबूती के लिए हर कार्यकर्ता का तकनीकी रूप से सक्षम होना जरूरी : डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी
उन्होंने आशंका जताई कि कार्य की तुलना में अधिक भुगतान किया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल लगातार नगरपालिका में हो रही कथित अनियमितताओं की शिकायत जिला प्रशासन से करता रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़े :-एमपी को 5,017 करोड़ की बड़ी सौगात, आज उज्जैन–जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना का होगा भूमि पूजन
नोट: यह समाचार जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश मरावी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। समाचार में लगाए गए आरोप संबंधित पक्ष के हैं। संबंधित अधिकारियों अथवा नगरपालिका प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



