खुशखबरी! इंदौर से अबू धाबी की सीधी उड़ान शुरू, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी
एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई अंतरराष्ट्रीय सेवा शुरू, 3-4 घंटे में पहुंचेगा यूएई; सरकार देगी किराये पर सब्सिडी
खुशखबरी! इंदौर से अबू धाबी फ्लाइट शुरू, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ
भोपाल/इंदौर यशो:- मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में एयर इंडिया एक्सप्रेस की इस नई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने यात्रियों को प्रतीकात्मक बोर्डिंग पास भी सौंपे और नई सेवा को प्रदेश की प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इंदौर–अबू धाबी फ्लाइट एक नजर में
✈️ नई सेवा: इंदौर–अबू धाबी डायरेक्ट फ्लाइट
🛫 एयरलाइन: एयर इंडिया एक्सप्रेस
⏱️ यात्रा समय: लगभग 3–4 घंटे
💰 सरकारी सब्सिडी: प्रति उड़ान 15 लाख रुपये तक
🎫 संभावित किराया: ₹12–14 हजार
🌍 लाभ: व्यापार, पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
📍 शुभारंभ: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर एयरपोर्ट से फ्लैग ऑफ किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हवाई संपर्क तेजी से मजबूत हुआ है और मध्यप्रदेश भी इसी दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू हुई यह उड़ान प्रदेश के व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को नई गति देगी।

उन्होंने बताया कि अब तक इंदौर से अबू धाबी जाने वाले यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होकर यात्रा करनी पड़ती थी, जिससे 7 से 8 घंटे का समय लगता था। अब सीधी उड़ान शुरू होने से यात्री मात्र 3 से 4 घंटे में अबू धाबी पहुंच सकेंगे।
सरकार देगी किराये पर सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिक विमानन नीति के तहत प्रत्येक नई उड़ान को प्रोत्साहित करने के लिए 15 लाख रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। इसके कारण इस उड़ान का किराया लगभग 25 हजार रुपये के बजाय 12 से 14 हजार रुपये के बीच रहेगा। किराये का अंतर राज्य सरकार वहन करेगी, जिससे आम यात्रियों को भी अंतरराष्ट्रीय यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा विमानन नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बनने के बाद प्रदेश में तीन नए एयरपोर्ट शुरू हुए हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जारी है। आने वाले समय में जबलपुर-कोलकाता, भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता सहित कई नई उड़ानें शुरू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर और रीवा-रायपुर जैसी क्षेत्रीय उड़ान सेवाओं को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। साथ ही इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर हेली सेवा धार्मिक पर्यटन को भी नई गति दे रही है।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अबू धाबी और मध्यप्रदेश के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से व्यापार, निवेश, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी का मजबूत केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने नई उड़ान शुरू होने पर यात्रियों, एयर इंडिया एक्सप्रेस और नागरिक विमानन विभाग को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सेवा प्रदेश के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
यह भी पढ़ें:-17 साल का इंतजार खत्म! विंध्य की प्यास बुझाएगी देश की सबसे लंबी जल सुरंग
17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे छिंदवाड़ा के आधुनिक रेलवे स्टेशन का लोकार्पण



