मध्यप्रदेशछिंदवाड़ासिवनी

17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे छिंदवाड़ा के आधुनिक रेलवे स्टेशन का लोकार्पण

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 17.23 करोड़ रुपये से हुआ कायाकल्प, आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति की झलक

17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 17.23 करोड़ से हुआ आधुनिकीकरण

प्रधानमंत्री 17 जुलाई को छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इसी कार्यक्रम में बालाघाट एवं नैनपुर रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया जाएगा। यह तीनों स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए गए हैं।

Chhindwara 14 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- भारतीय रेल की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल स्थित छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है।

लगभग 17.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस स्टेशन का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में बालाघाट और नैनपुर रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन होगा।

पुनर्विकसित छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन अब केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान से सुसज्जित शहर की नई पहचान बनकर उभरा है।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ स्टेशन

पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन को आकर्षक आधुनिक फेसाड (Façade) के साथ तैयार किया गया है। परिसर में विशाल कैनोपी, दो भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक सीएनसी जालियां, ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था, अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की गई हैं।

स्टेशन परिसर में स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को दर्शाने वाली थ्री-डी कलाकृतियां भी स्थापित की गई हैं, जिससे यात्रियों को छिंदवाड़ा की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिल सके।

पातालकोट और जनजातीय संस्कृति को मिली जगह

स्टेशन के सौंदर्यीकरण में पातालकोट, देवगढ़ किला तथा छिंदवाड़ा की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इससे स्टेशन का स्वरूप आधुनिक होने के साथ-साथ स्थानीय पहचान को भी मजबूत करता है।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में विकसित यह स्टेशन भारतीय रेल की उस सोच का उदाहरण है, जिसमें आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय विरासत के संरक्षण को भी महत्व दिया गया है।

पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आधुनिक अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित वातावरण और समावेशी यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई दिशा देगा। यात्रियों को अब अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।

दोहरी रेल लाइन बनने तक नई ट्रेनें मिलने की संभावना कम

रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण पूरा होने के बावजूद क्षेत्र के यात्रियों की सबसे बड़ी मांग नई ट्रेनों के संचालन की है। रेलवे सूत्रों के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि दोहरी रेल लाइन (डबल लाइन) का कार्य पूरा होने तक नई ट्रेनों की स्वीकृति संभव नहीं होगी।

हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पिट लाइन (Pit Line) की स्वीकृति मिल जाए तो छिंदवाड़ा से कई नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सकता है। लोगों ने रेल मंत्रालय से क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए नई ट्रेनों की स्वीकृति देने की मांग की है।

यह भी पढ़े :- 

‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान शुरू, सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- नशे के खिलाफ होगी सबसे सख्त कार्रवाई

UCC पर कांग्रेस अपना रुख स्पष्ट करे: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बोले- वोट बैंक की राजनीति छोड़ जवाब दे विपक्ष

लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण की क्रांतिकारी पहल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का दिया संदेश।

https://www.facebook.com/share/r/19JhVvFFru/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button