छिंदवाड़ामध्यप्रदेश
अतिथि शिक्षको ने किया सद्बुद्धि यज्ञ
रैली निकालकर जिला कलेक्टर को सौपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के मेहमान वाले बयान को लेकर जताई नाराजगी 02 अक्टूबर को भोपाल की धरा पर होगा वृहद आंदोलन
छिंदवाड़ा यशो:- आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ (Guest Teachers Association) के प्रदेशमहासचिव एवं छिंदवाड़ा (Chhindwara) जिला अध्यक्ष संतोष कहार ने बताया कि प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय राव प्रताप सिंह के द्वारा दिए गए एक बयान में कहा गया कि इनका नाम ही अतिथि है ,मेहमान बनकर आओगे और घर में कब्जा करोगे क्या? जिसको लेकर प्रदेश के शिक्षा मंत्री के बयान को अतिथि शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। जिसके चलते आज संपूर्ण मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदेश स्तरीय आह्वाहन पर शासकीय शालाओं में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षकों ने समस्त जिलो में एक साथ रैली निकालकर सरकार के और शिक्षा मंत्री के लिए सद्बुद्धि यज्ञ किया और ईश्वर से प्रार्थना की कि इन्हे सद्बुद्धि मिले ताकि यह गुरुओं का सम्मान कर उनके हितार्थ हेतु कार्य करे।
वही विगत तीन दिनों से समस्त अतिथि शिक्षक हाथो मे काली पट्टी बांधकर शिक्षा मंत्री के बयान का पुरजोर तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए समस्त शासकीय स्कूलो में शैक्षणिक व परीक्षा का कार्य करते हुए नजर आये। आज दीनदयाल पार्क में जिले भर के समस्त अतिथि शिक्षक एवं शिक्षिकाएं एकत्रित हुए और आगामी दिनों में भोपाल के आंदोलन की रूपरेखा बनाई और अतिथि शिक्षको की लंबित व तात्कालिक समस्याओं की मांगो को लेकर विस्तृत चर्चा की। एवं एक सूत्रीय मांग विभागीय पात्रता परीक्षा लेकर नियमितीकरण कर पद स्थायित्व करने की बात कही तत्पश्चात शिक्षको की रैली दीनदयाल पार्क से निकालकर मेन रोड मार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा। जहां अतिथि शिक्षको ने नारे लगाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा।
इस अवसर पर श्री कहार ने कहा कि विगत दिनों भोपाल में हुए आंदोलन में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर सहमति बनी हुई थी जिसके आदेश आज दिनांक तक नही होने से अतिथि शिक्षको में आक्रोश व्याप्त है वर्तमान में अतिशेष शिक्षको की काउंसलिंग से लगे हुए अतिथि शिक्षक बाहर हो रहे है जिससे अतिथि शिक्षको को रोजी रोटी का संकट पैदा हो रहा है सरकार जल्द बाहर हुए अतिथि शिक्षको को अंदर करे और अतिथि शिक्षको के हितार्थ हेतु कई वर्षो से अधूरी मांगो को पूरा करे आदि की मांग अतिथि शिक्षक संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से की ।
इस अवसर पर सद्बुद्धि यज्ञ कार्यक्रम में छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष संतोष कहार, सर्वेश श्रीवास्तव ,योगेश चौरसिया,सुनील विश्वकर्मा , सत्येंद्र शुक्ला ,रामनारायण कहार,कन्हैया पवार,संदीप राज, अय्यूब अंसारी,अशोक सूर्यवंशी,कमलेश सूर्यवंशी,संदीप नागवंशी, गोपाल डेहरिया,कीर्ति सोनी, साधना सोनी,विद्यावती ठाकरे , साधना पवार ,रामबती बोनिया , साईना बानो,सहित जिले भर के अनेक अतिथि शिक्षक मौजूद रहे। वही मांगे पूरी नही होने पर दिनांक 02 अक्टूबर को भोपाल की धरा में पुन: वृहद आंदोलन करने की चेतावनी अतिथि शिक्षक संगठन ने दी।



