(पूज्य भिक्षु संघ की उपस्थिति से बुद्धमय हुआ वातावरण)
सिवनी यशो:- 29 सितंबर 2024 को पूज्य भिक्खुनी अय्याजी साक्य धम्मदिन्ना जी के मार्गदर्शन में तथागत वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सिद्धार्थ बुद्ध विहार बारापत्थर सिवनी में आयोजित पूज्य बौद्ध भिक्षुओं के संघदान कार्यक्रम में सिवनी समेत नागपुर, भण्डारा, जबलपुर, बालाघाट, बरघाट, ब्यहर, केवलारी एवं छिंदवाड़ा के श्रद्धावान उपासक-उपासिकाएं तथा विपश्यना ध्यान साधना विधि के सैकड़ो साधकों की भीड़ उमड़ पड़ी ।
सिद्धार्थ बुद्ध विहार में प.पू. भिक्खु ज्ञानबोधि महाथेरो,प.पू. भिक्खु कविसिंदा थेरो, प.पू. भिक्खु सुमंगल थेरो, प.पू. भिक्खु धम्मवीर, प.पू. भंते सुजात तिस्स, प.पू. भिक्खुनी अय्याजी साक्य धम्मदिन्ना, प.पू. सामनेरी उपेक्खा की उपस्थिति से बुद्धमय हुआ वातावरण। एक साथ पांच बौद्ध भिक्षु और दो बौद्ध भिक्षुणी की उपस्थिति रोमांचित एवं भाव विभोर करने देने वाली थी। एक साथ इतने पूज्य बौद्ध भिक्षुओं के जिसने भी दर्शन किए वे टक-टकी लगाए निहारते रहे। पूज्य बौद्ध संघ की उपस्थिति से विहार सकारात्मक तरंगों और ऊर्जा युक्त हो गया। पलक पावड़े बिछाकर भिक्षु संघ का इंतजार कर रहे श्रद्धावान उपासक उपासिकाओं ने कतारबद्ध खड़े होकर प्रात:10:00 बजे पूज्य संघ के आगमन पर पांव पखारकर, पुष्प देकर एवं संघ वंदना का संगायन कर आनंदित मन से स्वागत,सत्कार एवं अभिवादन किया।
श्रद्धावान उपासक-उपासिकाओं ने पूज्य भिक्षु संघ से त्रिशरण पंचशील ग्रहण किया। तत्पश्चात विहार समिति द्वारा पूज्य भिक्षु संघ का स्वागत एवं भोजन दान दिया गया। तत्पश्चात संघ को चीवरदान ( बौद्ध संघ के धारण के वस्त्र) एवं अ_ परिक्खार ( बौद्ध संघ के दैनिक उपयोग मे लाई जाने वाली सामग्री) दान किया गया। उपस्थित भिक्षु संघ द्वारा श्रद्धावान उपासकों को भगवान बुद्ध के उपदेश एवं सुत्त पर आधारित धर्म की देशना दी गई। कार्यक्रम के अंत में विहार में वर्षावासरत पूज्य अय्याजी साक्य धम्मदिन्ना के जन्मदिवस पर बधाई दी गई। इस अवसर पर उपासक/उपासिकाओं द्वारा अय्याजी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन एवं उन्नति की मंगलकामनाएं की गई। अन्य जिलों से आए उपासको ने उत्तम व्यवस्था, स्वागत सत्कार एवं भोजन प्रदान किए जाने के लिए तथागत वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ओर सदस्यों को साधुवाद ज्ञापित किया। इस तरह के कार्यक्रम अक्सर सिद्धार्थ बुद्ध विहार में होते रहते हैं जहां भगवान बुद्ध के द्वारा उपदेशित धर्म की देशना भिन्न भिन्न क्षेत्रों से आए बौद्ध भिक्षु एवं भिक्षुणियों के द्वारा श्रवण करने को मिलती है! ऐसा ही एक कार्यक्रम अगले माह अक्टूबर की 19 एवं 20 तारीख को सिद्धार्थ बुद्ध विहार में आयोजित किया जायेगा!