देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और कार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
देहात पुलिस की बड़ी कार्रवाई; यूपी के व्यापारी से 55 हजार रुपये में खरीदे थे हथियार, सप्लायर तक पहुंचने में जुटी पुलिस
छिंदवाड़ा अवैध हथियार – देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
Chhindwara 30 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देशी पिस्टल, छर्रे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियारों के अलावा सफेद रंग की एक कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोआमा पानी टंकी के पास एक सफेद रंग की कार क्रमांक MP-04-??-4001 में दो युवक बैठे हैं। उनके पास अवैध हथियार होने तथा किसी गंभीर वारदात की तैयारी किए जाने की सूचना थी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई और मौके पर घेराबंदी कर कार में बैठे दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने हथियारों के साथ कार भी जब्त कर ली।
यूपी के व्यापारी से 55 हजार में खरीदे थे हथियार
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपये में पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। आरोपियों से मिली इस जानकारी के बाद पुलिस अब हथियारों की सप्लाई करने वाले व्यक्ति तक पहुंचने में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, हथियारों के स्रोत का पता लगाने के लिए विशेष टीम को उत्तर प्रदेश भेजे जाने की तैयारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियारों की खरीद-फरोख्त के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
थाना देहात पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 500/26 दर्ज करते हुए धारा 3(5) बीएनएस तथा 25(1-क,ख), 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हथियारों के उपयोग, उनके संपर्कों और संभावित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सउनि संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक 779 सौरभ बघेल, आरक्षक 275 सूरज पाल, आरक्षक 148 शेरसिंह, साइबर सेल से प्र.आर. 811 नितिन एवं आरक्षक 842 आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
यह भी पढ़े :-खबर की दौड़ में सबसे आगे नहीं, भरोसे की दौड़ में सबसे आगे!
सिवनी को 9.82 करोड़ की दो सड़कों की सौगात, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने जताया आभार
ओरछा से पूरे मध्यप्रदेश के विकास का रोडमैप, भाजपा ने तय की आगे की दिशा
नक्सल की बंदूक से विकास की बुलंद आवाज तक… बोंदारी पहुंचे CM, 100 गांवों के लिए 225 करोड़ का ऐलान



