केवलारी अवैध कटाई के मामले मे भोपाल से भी आयेगी जाँच टीम
जांच अभी 13 में से केवल तीन बीटों की हुई है और तीन वनरक्षक निलंबित हो गये है
Seoni 02 February 2025
सिवनी यशो:- केवलारी वन परिक्षेत्र में अवैध कटाई की जाँच तेजी से चल रही है । इस वन परिक्षेत्र में 13 बीट है अभी तक केवल तीन बीटों की जाँच की गयी है और इन तीनों बीटों में अंधाधुंध अवैध कटाई होना पाया गया है । जाँच टीम ने के प्रतिवेदन पर तीनों बीटों के वनरक्षको पर जिम्मेदारी तय करते हुये उन्हें निलंबित कर दिया गया है ।
केवलारी परिक्षेत्र में अवैध कटाई की शिकायत पर प्रदेश के निर्देश पर जाँच टीम गठित की गयी है जिसमें भोपाल से डी सी एफ जितेन्द्र गुप्ता सिवनी के सहायक वन मंडल अधिकारी, वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित बड़ी टीम को शामिल किया गया है । इस टीम के द्वारा गत मंगलवार से जांच प्रारंभ की गयी है । यह टीम पूरे वन परिक्षेत्र के 13 बीटों की जाँच करेगी । अभी तक केवल तीन बीटों की जाँच हुई है इन तीनों बीटो में बेजा अवैध कटाई होना प्रमाणित हुआ है जाँच टीम के प्रतिवेदन के पश्चात तीन वन रक्षको को निलंबित कर दिया गया है ।
जानकारी के अनुसार आगामी समय में भोपाल से विशेष जाँच दल आने वाला है जो अवैध कटाई की जाँच कर अन्य बडे अधिकारियों पर कार्यवाही सुनिश्चित करेगा । फिलहाल जाँच टीम द्वारा तीन बीटों में अवैध कटाई बड़ी मात्रा प्राप्त होना बताया गया है । समझा जा रहा है कि शेष अन्य बीटों में भी अवैध कटाई इसी तरह की हो सकती है और यही हाल रहे तो वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित अन्य जिम्मेदारों पर कार्यवाही सुनिश्चित हो सकती है ।
यहाँ बता दें कि केवलारी परिक्षेत्र में अवैध कटाई और परिवहन करने वाले भी शिकायत के बाद कटाई के औजारों और बड़े वाहन सहित पकड़े जा चुके है जिससे प्रतीत होता है कि यहाँ वन अमले की सांठ गाँठ से अवैध कटाई माफिओं द्वारा की जा रही थी ।
तीन वनरक्षक निलंबित,अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्यवाही के आसार



