तीन वनरक्षक निलंबित,अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्यवाही के आसार
केवलारी वन परिक्षेत्र में हुई अंधाधुंध अवैध कटाई की जांच अभी जारी है
Seoni 01 February 2025
सिवनी यशो:- केवलारी वन परिक्षेत्र में अंधाधुंध अवैध सागौन कटाई का आमजनों द्वारा जब सार्वजनिक किया गया और इसकी शिकायत सीएम तक पहुँची तथा भोपाल से जाँच के आदेश होनेक बाद वन विभाग ने अवैध कटाई की जाँच करायी तो पाया कि परिक्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कटाई की गयी है सैकड़ो इमारती वृक्षों के कत्लेआम होने की गवाही ठंूट दे रहे है । जाँच के बाद शिकायत की सत्यता प्रमाणित करते वन विभाग ने तीन वनरक्षकों को निलंबित कर दिया है। विभागीय अधिकारी ने जानकारी देते हुये बताया कि तीन वनरक्षकों को निलंबित किया गया है। जिसमें राजेन्द्र परते, राजाराम बघेल एवं अखिलेश सरोते शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अवैध कटाई के जिम्मेदार अन्य अधिकारियो पर भी विभाग जिम्मेदारी तय करेगा । हालाँकि अभी जाँच की कार्यवाही पूर्ण नहीं हुई है ।
केवलारी वन परिक्षेत्र के जंगल में सागौन की अवैध कटाई और परिवहन लंबे समय से किया जा रहा था जिसकी प्रमाणित शिकायत उच्चाधिकारियों सहित मुख्यमंत्री को की गयी थी । शिकायत कत्र्ता ने फोटो-वीडियो सहित प्रमाणित शिकायत की थी । शिकायत उच्च स्तर तक होने के बाद जांच टीम गठित की गयी थी जिसने निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट सौंपी है उसके आधार पर यह कार्यवाही सुनिश्चित की गयी । हो रही कार्यवाही से विभागीय अमले में भी खलबली मच गई है।
दक्षिण वन मंडल अधिकारी गौरव मिश्रा ने दैनिक यशोन्नति से चर्चा में बताया कि जाँच टीम द्वारा जाँच चल रही है केवलारी वन परिक्षेत्र के सभी बीटों में पहुँच कर जाँच दल पहुँचेगा और सूक्ष्मता से जाँच सुनिश्चित करायी जायेगी। अभी तक जिन बीटों की जाँच की गयी है और जहाँ गड़बड़ी होना पाया गया उन बीटों के वनरक्षकों पर कार्यवाही की गयी है । हुई अवैध कटाई के लिये और भी जो जिम्मेदार होंगे उन पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी ।





