बैठक में उठा था जेई हटाने का मुद्दा, कार्रवाई अब तक शून्य! भाजपा कार्यकर्ताओं में बढ़ रही नाराजगी
विधानसभा स्तरीय बैठक में जिला अध्यक्ष के आश्वासन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, बिजली समस्याओं पर कार्यकर्ताओं ने फिर उठाए सवाल
कान्हीवाड़ा बिजली विवाद: भाजपा बैठक में जेई हटाने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी
Seoni, 17 July 2026
सिवनी / कान्हीवाड़ा यशो: – कान्हीवाड़ा के उत्सव पैलेस में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा स्तरीय बैठक में उठाया गया विद्युत मंडल कान्हीवाड़ा के कनिष्ठ अभियंता (जेई) का मामला अब एक बार फिर चर्चा में है।
बैठक में क्षेत्र की खराब विद्युत व्यवस्था और जेई की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की थी।
हालांकि, कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बैठक में आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
बैठक में भाजपा के संभागीय संगठन प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की अनियमितता, उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही तथा व्यवहार संबंधी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता को तत्काल हटाने की मांग रखी थी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए उचित स्तर पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई।
‘देवतुल्य’ कहकर भूल जाते हैं कार्यकर्ताओं की बात
कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत और ‘देवतुल्य कार्यकर्ता’ बताया जाता है, लेकिन संगठनात्मक बैठकों में उठाए गए जनहित के मुद्दों पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जाती। उनका कहना है कि कार्यकर्ताओं की भूमिका केवल कार्यक्रमों की व्यवस्था तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उनकी बातों को भी संगठन और सरकार में समान महत्व मिलना चाहिए।
जिला अध्यक्ष से फिर की पहल की मांग
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन से पुनः आग्रह किया है कि वे क्षेत्रवासियों की बिजली समस्याओं और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र पहल करें तथा सक्षम स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
उनका कहना है कि इससे संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार का सकारात्मक संदेश जाएगा।
नोट: यह समाचार संबंधित भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयानों पर आधारित है। संबंधित विद्युत विभाग अथवा कनिष्ठ अभियंता का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
यह भी पढ़े :-
खुशखबरी! इंदौर से अबू धाबी की सीधी उड़ान शुरू, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी
अतिथि शिक्षक भर्ती: छपारा में प्रावधिक चयन सूची जारी, 17 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
गौघाट धाम में आज होगा महावृक्षारोपण, नौ वर्षों से निभ रही हरियाली की अनूठी परंपरा
https://www.abplive.com/education/iit-jee-counselling-matter-supreme-court-vacated-the-stay-650103


