22 जुलाई को सिवनी में गूंजेगा ‘जय जगन्नाथ’, भव्य रथयात्रा निकलेगी; महाप्रसाद और विशाल महाभंडारे में शामिल होने का आमंत्रण
इस्कॉन सिवनी के तत्वावधान में दोपहर 1 बजे छिंदवाड़ा चौक से शुरू होगी शोभायात्रा, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद वितरण रहेगा प्रमुख आकर्षण
जगन्नाथ रथयात्रा सिवनी : 22 जुलाई को सिवनी में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, महाप्रसाद और महाभंडारे का आयोजन
सिवनी यशो:- अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) सिवनी के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा 22 जुलाई 2026, बुधवार को निकाली जाएगी। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरपूर इस आध्यात्मिक महोत्सव में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं एवं कृष्ण भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर 1:00 बजे छिंदवाड़ा चौक, सिवनी से होगा। भगवान श्री जगन्नाथ के आकर्षक एवं सुसज्जित रथ के साथ श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भक्तिमय नृत्य करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु भगवान के जयघोष के साथ यात्रा में सहभागिता करेंगे।
पूरे मार्ग में होगा महाप्रसाद वितरण
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पूरे मार्ग में महाप्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक भक्तों को भगवान श्री जगन्नाथ के महाप्रसाद का लाभ उपलब्ध कराना है।
राशि लॉन में होगा विशाल महाभंडारा
रथयात्रा का समापन राशि लॉन में होगा, जहां सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर महाप्रसाद ग्रहण करने और इस आध्यात्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।
नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
इस्कॉन सिवनी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपने परिवार एवं मित्रों के साथ इस भव्य रथयात्रा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।
यह भी पढ़ें:-
CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा संदेश: मध्यप्रदेश पुलिस बने देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस
गुरु पूर्णिमा से पहले सभी सांदीपनि विद्यालयों का करें लोकार्पण: CM डॉ. मोहन यादव



