CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा संदेश: मध्यप्रदेश पुलिस बने देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस
पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक, 25 हजार पदोन्नतियों पर दी बधाई; नए कानून, नशा मुक्ति और त्योहारों की सुरक्षा पर दिए अहम निर्देश
CM मोहन यादव बोले- देश की सर्वश्रेष्ठ बने मध्यप्रदेश पुलिस, 25 हजार पदोन्नतियों पर दी बधाई
Bhopal 20 July 2026
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, पुलिस आधुनिकीकरण, नशा मुक्ति अभियान और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी और परिणाममूलक कार्य किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के विशेष पदोन्नति अभियान के तहत पुलिस विभाग में लगभग 25 हजार पदोन्नतियां की गई हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अब इन पदोन्नतियों का लाभ आम जनता को बेहतर पुलिसिंग और मजबूत कानून-व्यवस्था के रूप में मिलना चाहिए।
नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि केंद्र सरकार द्वारा लागू नए आपराधिक कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। राजधानी से लेकर जिलों तक पुलिस बल आगामी त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को मिले गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया गया है। मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी स्थिति सामान्य होने लगी है। अब इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ पुलिस को भी सकारात्मक सामाजिक भूमिका निभानी होगी।
‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान जारी रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान को व्यापक जनसहभागिता मिली है। पुलिस विभाग उच्च शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी करे। साथ ही सीमावर्ती राज्यों से होने वाले नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
उद्योगों को उपलब्ध कराया जाएगा सुरक्षा स्टाफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेजी से औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। ऐसे में उद्योगों और संस्थानों को एसआईएसएफ (SISF) के माध्यम से लाइसेंसधारी सुरक्षा स्टाफ उपलब्ध कराया जाए। भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।
बैगा, सहरिया और भारिया युवाओं की भर्ती पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में रिक्त पदों की समयबद्ध भर्ती की जाए और पदोन्नति की प्रक्रिया के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाए। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातियों बैगा, सहरिया और भारिया के योग्य युवाओं को पुलिस सहित अन्य सेवाओं में भर्ती के लिए प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
हर जिले में बनेगा पुलिस बैंड ग्रुप
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी गणतंत्र दिवस तक प्रदेश के प्रत्येक जिले में पुलिस का अपना बैंड ग्रुप तैयार होना चाहिए। इसके साथ ही पुलिस हाउसिंग, वाहन, भर्ती प्रक्रिया और अपराध स्थल जांच (Scene of Crime) व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
यह भी पढ़े :-
बरघाट में जनपद अध्यक्ष-CEO विवाद: वायरल VIDEO से महिला सम्मान और लोकतंत्र पर उठे बड़े सवाल
गुरु पूर्णिमा से पहले सभी सांदीपनि विद्यालयों का करें लोकार्पण: CM डॉ. मोहन यादव



