खिले 10.54 लाख किसानों के चेहरे: सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक क्लिक में खातों में भेजे 1460.25 करोड़, फसल बीमा से मिली बड़ी राहत
जगदीशपुर में कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जारी की खरीफ-2025 की दावा राशि
-
2016 से अब तक PM Fasal Bima Yojana में किसानों को 30,942.34 करोड़ का भुगतान
-
अल-नीनो की आशंका के बीच किसानों से समय पर फसल बीमा कराने की अपील
Bhopal 19 July 2026
भोपाल यशो:- मध्यप्रदेश के लाखों किसानों के लिए रविवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल जिले के जगदीशपुर में आयोजित मंत्री परिषद (कैबिनेट) की बैठक के बाद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ-2025 की फसल क्षति का दावा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के बैंक खातों में 1460 करोड़ 25 लाख रुपये अंतरित किए।
इस आर्थिक सहायता से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और आगामी कृषि कार्यों के लिए आर्थिक संबल प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की हर परिस्थिति में मजबूती से साथ खड़ी है। किसानों की आय बढ़ाने, खेती को सुरक्षित बनाने और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
प्राकृतिक आपदा में किसानों की सुरक्षा कवच बनी फसल बीमा योजना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, सूखा या अन्य कारणों से फसल क्षति होने पर किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि उन्हें खेती जारी रखने में कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से फसल बीमा योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
अल-नीनो की आशंका, समय पर बीमा कराने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम वैज्ञानिकों ने इस वर्ष अल-नीनो प्रभाव के चलते सामान्य मानसून प्रभावित होने की संभावना जताई है। ऐसी स्थिति में किसानों को अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा अंतिम तिथि से पहले अवश्य कराना चाहिए, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ है और खेती को सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
2016 से अब तक किसानों को मिला ₹30,942 करोड़ से अधिक का लाभ
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक मध्यप्रदेश के प्रभावित किसानों को कुल 30,942 करोड़ 34 लाख रुपये का दावा भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच साबित हुई है और प्राकृतिक आपदाओं के समय आर्थिक संकट को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
खेती को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार का मानना है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना केवल मुआवजा देने वाली योजना नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रभावी माध्यम है। समय पर दावा भुगतान से किसान नई फसल की तैयारी बिना आर्थिक दबाव के कर सकेंगे तथा कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़े :-
खुशखबरी! इंदौर से अबू धाबी की सीधी उड़ान शुरू, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी



