मध्यप्रदेशसिवनी

संदीपनी विद्यालय के नए भवन में सुविधाओं का अभाव, अभिभावकों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

संदीपनी विद्यालय सिवनी के नए भवन में सुविधाओं की कमी, अभिभावकों ने कलेक्टर से की परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

Seoni, 08 July 2026
सिवनी यशो:- संदीपनी विद्यालय के अभिभावकों ने विद्यालय के नए भवन में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय का नया भवन ग्राम कण्डीपार (मेडिकल कॉलेज के समीप) स्थित है, जो नगर से लगभग छह किलोमीटर दूर होने के कारण छात्र-छात्राओं को कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि शासन की ओर से विद्यार्थियों के आवागमन के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।

यह भी पढ़े :- केवलारी के 16 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में कार्रवाई की मांग, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन

इसके कारण दूर-दराज के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई हो रही है। अभिभावकों ने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय तक जाने वाला मार्ग सुनसान होने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।

वाहन किराया तय करने की मांग

अभिभावकों ने बताया कि वर्तमान में निजी ऑटो एवं अन्य वाहनों से विद्यार्थियों का आवागमन हो रहा है, जिनका किराया काफी अधिक है।

इससे आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से विद्यार्थियों के लिए वाहन किराया निर्धारित करने तथा उसकी निगरानी की मांग की है।

यह भी पढ़े :- एमपी के मत्स्य उद्योग को मिली वैश्विक उड़ान, 7,430 करोड़ के निवेश समझौते से खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं नए परिसर में संचालित हो रही हैं, लेकिन वहां स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

जिस बोरवेल से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, उसके आसपास वर्षा का पानी जमा होने से पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

इसके अलावा, अभिभावकों ने कहा कि इतने बड़े विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।

यह भी पढ़े :- शिवपुरी में 2500 करोड़ की डिफेंस यूनिट का शिलान्यास, 5 हजार रोजगार के अवसर; सीएम डॉ. मोहन यादव बोले—मध्यप्रदेश बनेगा रक्षा उत्पादन का नया केंद्र

पुराने भवन से संचालन जारी रखने का अनुरोध

अभिभावकों ने कलेक्टर से मांग की है कि जब तक सुरक्षित परिवहन, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक विद्यार्थियों के हित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय का संचालन पूर्ववत पुराने भवन से ही कराया जाए।

यह भी पढ़े :-धान महोत्सव में शामिल होंगे प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते

शिक्षा विभाग ने दी अपनी सफाई

इस संबंध में शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना शासन की योजना का हिस्सा है। विभाग के अनुसार परिवहन व्यवस्था के लिए जिला स्तर पर तीन बार तथा संभागीय स्तर पर दो बार टेंडर आमंत्रित किए गए, लेकिन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार किसी भी परिवहन संचालक ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने में रुचि नहीं दिखाई।

इसकी जानकारी प्रदेश स्तर के अधिकारियों को भेज दी गई है। विभाग का कहना है कि जैसे ही शासन से आवश्यक निर्देश प्राप्त होंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विद्यार्थियों के आवागमन की व्यवस्था अभिभावकों को स्वयं करनी होगी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासन की योजना के अनुरूप संदीपनी विद्यालय के नवीन भवन का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है तथा शासन के निर्देशानुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

https://www.amarujala.com/madhya-pradesh/bhopal/mp-news-70-sandipani-schools-to-be-inaugurated-in-the-state-by-july-15-cm-says-make-this-a-joyous-celebrat-2026-07-03

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button