कार्तिक पूर्णिमा पर आज होगी माँ बैनगंगा की विशाल चुनरी यात्रा
छपारा में धार्मिक उल्लास, दीपदान और भंडारे की तैयारियाँ पूरी
Seoni 04 November 2025
सिवनी यशो:-कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर माँ बैनगंगा चुनरी दीपदान महोत्सव समिति द्वारा आज 05 नवम्बर विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा नगर के पूर्व मंडी अध्यक्ष रमेश चौहान के निज निवास, विधुत मंडल कार्यालय के सामने से दोपहर 2 बजे प्रारंभ होकर बैनगंगा तट पुल घाट के लिए प्रस्थान करेगी।
यात्रा के पश्चात माँ बैनगंगा का पावन अभिषेक, महाआरती और दीपदान कार्यक्रम संपन्न होगा। यह दिव्य आयोजन विगत 22 वर्षों से निरंतर श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसने छपारा क्षेत्र में धार्मिक एकता और जनभागीदारी की अद्भुत मिसाल कायम की है।
इसी अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी वैभव लक्ष्मी ग्रुप छपारा द्वारा अपने माता-पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर गोल्डन टेंपल परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।
https://www.jagran.com/uttar-pradesh/lakhimpur-kheri-kartik-poornima-19749651.html



