छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, छिंदवाड़ा में झमाझम बारिश

मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों की चिंता बढ़ी 

Chhindwara 29 June 2025

छिंदवाड़ा यशो :- पिछले 24 घंटों में छिंदवाड़ा सहित पूरे जिले में झमाझम बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जहां एक ओर गर्मी से राहत पाने वाले लोगों के चेहरे खिले, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही वर्षा ने शहर से लेकर गांव तक की रफ्तार को थाम दिया है। शहर के प्रमुख इलाकों में जलभराव, झुग्गी बस्तियों में पानी का प्रवेश और कई जगह पेड़ों के गिरने की घटनाओं ने परेशानियों में इजाफा किया है।

किसान संकट में, खरपतवार नियंत्रण पर असर

लगातार बारिश से सबसे अधिक चिंता किसानों को सता रही है। खेतों में अत्यधिक नमी के कारण किसान खरपतवार नाशक दवाओं का छिड़काव नहीं कर पा रहे हैं, जिससे फसल की वृद्धि पर विपरीत असर पड़ सकता है। कई किसानों ने खेतों में पानी भरने की भी शिकायत की है।

शहर की रफ्तार थमी, लोग घरों में दुबके

बारिश के चलते शहर में यातायात बाधित हुआ। कई सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। झुग्गी बस्तियों में पानी घुसने से लोग अपने सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुटे रहे। लगातार बारिश के कारण अधिकांश लोग घरों में ही रहे और अनावश्यक यात्रा से बचते दिखे।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र ने मध्यप्रदेश के कई जिलों में सोमवार और मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें रीवा, डिंडोरी, कटनी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

अगले तीन-चार दिन और चलेगा बारिश का दौर

मौसम वैज्ञानिक वी.एस. यादव के अनुसार, आगामी तीन से चार दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। बीते 24 घंटों के दौरान सीधी में 30.4 मिमी, सिवनी में 22.6 मिमी, नौगांव में 16 मिमी, छिंदवाड़ा और खजुराहो में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

यह मौसम प्रणालियाँ हैं सक्रिय

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवात, दक्षिणी राजस्थान-गुजरात क्षेत्र में सक्रिय चक्रवातीय प्रणाली तथा इससे जुड़ी द्रोणिका रेखा मध्यप्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य में भारी वर्षा का कारण बन रही है।

प्रशासन ने कहा – स्थिति पर नजर है

स्थानीय प्रशासन द्वारा जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और विद्युत वितरण कंपनियों को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही किसानों को सलाह दी गई है कि वे बारिश की तीव्रता को ध्यान में रखते हुए खेतों में अनावश्यक न जाएं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!