‘सेफ क्लिक 2.0’ मैराथन में मिशन स्कूल का परचम, तीन विद्यार्थियों ने जीते शीर्ष तीन स्थान
साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान में शानदार प्रदर्शन, विजेताओं को शील्ड व प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित
सेफ क्लिक 2.0 छपारा – मैराथन में मिशन स्कूल छपारा का शानदार प्रदर्शन, तीन विद्यार्थियों ने जीते शीर्ष तीन स्थान
Seoni, 07 July 2026
सिवनी / छपारा यशो:- मध्य प्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत छपारा पुलिस द्वारा आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में मिशन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छपारा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीनों स्थान अपने नाम किए।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, अज्ञात वीडियो कॉल और डिजिटल फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूक करना था। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया।

यह भी पढ़े :- 15 जुलाई को सिवनी में लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला, निजी कंपनियों में नौकरी का सुनहरा मौका
विद्यालय के यश कुमार गज्जम (कक्षा 11वीं) ने प्रथम, भव्या ठाकुर (कक्षा 9वीं) ने द्वितीय तथा दिव्यांशु नायक (कक्षा 11वीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विजेता विद्यार्थियों को नगर परिषद अध्यक्ष निशा पटेल एवं एसडीओपी लखनादौन द्वारा शील्ड और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुलिस प्रशासन की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
यह भी पढ़े :- साइबर क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष निशा पटेल, मिशन स्कूल हिन्दी माध्यम के प्राचार्य संजय मसीह, अंग्रेज़ी माध्यम के प्राचार्य प्रदीप कुमार, शिक्षक जावेद ख़ान, संजय बंजारा, जुनेद ख़ान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
1930 हेल्पलाइन पर तुरंत करें शिकायत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी ने विद्यार्थियों से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग करने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है।
यह भी पढ़े :- एमपी के मत्स्य उद्योग को मिली वैश्विक उड़ान, 7,430 करोड़ के निवेश समझौते से खुलेंगे रोजगार के नए द्वार
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर निरीक्षक खेमेंद्र जैतवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मध्य प्रदेश पुलिस और छपारा पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की।



