साइबर क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
छपारा पुलिस की अनूठी पहल, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालय में हुई प्रतियोगिता
छपारा साइबर क्विज प्रतियोगिता – पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
Seoni 06 July 2026
सिवनी / छपारा यशो:- साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत छपारा पुलिस द्वारा नगर के खैरमाई मढ़िया के समीप स्थित सांदीपनि विद्यालय में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

प्रतियोगिता में विद्यालय के 44 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी गई तथा उन्हें डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह भी पढ़े :-शिवपुरी में 2,500 करोड़ के अडानी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में शिवम रसिक, उज्ज्वल पंचेश्वर, बेनिशंकर चंद्रवंशी एवं अमन बरमैया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय स्थान पर अभिषेक पाठक, बसु साहू एवं जयदीप यादव रहे।
तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों में कुलदीप यादव, राम राजपूत, प्रियांशी दीक्षित, पूजा डेहरिया, अमन डेहरिया, शौर्य नागेश्वर, शीतल यादव, शांतनु ठाकुर, अमन उईके, अनुराग अहिरवार, सतीश पंचेश्वर, सृजल चौहान एवं मेधा डेहरिया शामिल रहे।
यह भी पढ़े :-सिवनी सहित महाकौशल में अगले 24 घंटे भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
साइबर ठगी से बचने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
प्रतियोगिता के उपरांत नगर निरीक्षक खैमेंद्र कुमार जैतवार ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर फ्रॉड से बचाव, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा किसी भी प्रकार के लालच या प्रलोभन में न आने की सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक करें।



