पेंच-कन्हान की कोयला खदानों को रफ्तार देने मैदान में उतरे सांसद बंटी साहू, जीएम-कलेक्टर संग की मैराथन बैठक
विष्णुपुरी, उरधन, मोआरी और नारायणी खदानों के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश, डीएवी स्कूल खोलने का मुद्दा भी उठाया
पेंच-कन्हान की कोयला खदानों को शुरू कराने सांसद बंटी विवेक साहू की बड़ी पहल
Chhindwara 18 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- पेंच और कन्हान क्षेत्र की बंद एवं लंबित कोयला परियोजनाओं को गति देने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। सांसद कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के महाप्रबंधक (जीएम) विकास अग्रवाल तथा भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा कर विभिन्न परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद सांसद ने कलेक्टर हरेन्द्र नारायण से भी चर्चा कर विष्णुपुरी और उरधन कोयला परियोजनाओं में लंबित प्रशासनिक एवं भूमि संबंधी मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।
विष्णुपुरी और उरधन परियोजनाओं पर फोकस
बैठक में सांसद बंटी साहू ने बताया कि विष्णुपुरी कोयला खदान के संचालन के लिए कुकुरमुंडा गांव के विस्थापन की प्रक्रिया लंबित है, जबकि उरधन ओपनकास्ट खदान के सेकेंड फेज में किसानों से जुड़े प्रकरणों के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर इन मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में खनन गतिविधियां जल्द शुरू हो सकें।
मोआरी और नारायणी खदान पर भी जोर
सांसद ने मोआरी कोयला खदान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई तेज करने को कहा। साथ ही नारायणी खदान के लिए लंबित भूमि अधिग्रहण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
डीएवी स्कूल खोलने का मामला भी उठाया
बैठक में सांसद बंटी साहू ने धनकशा-नेहरिया क्षेत्र के कामगारों के बच्चों की शिक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, इसलिए लंबे समय से लंबित डीएवी स्कूल खोलने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
रोजगार और व्यापार को मिलेगा लाभ
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि पेंच और कन्हान क्षेत्र की कोयला परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि स्थानीय व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से सभी लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
यह भी पढ़े :-
जनसहयोग बना बच्चों की ताकत: 80 विद्यार्थियों को मिली शैक्षणिक सामग्री, बढ़ा स्कूल का नामांकन



