नवीन शिक्षा सत्र से विद्यार्थियों को मिलेगा प्रवेश
2018 से संचालित शासकीय आईटीआई में अभी तक चल रहा था मात्र एक ट्रेड
Chhindwara 08 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- सांसद बंटी विवेक साहू ने क्षेत्रवासियों की वर्षो पुरानी मांग को पूरा करते हुए अमरवाड़ा शासकीय आईटीआई में पांच नये ट्रेडों की सौगात दी है। इन नये ट्रेडों में नवीन शिक्षा सत्र से प्रवेश प्रारंभ किया जायेगा। अमरवाड़ा प्रवास के दौरान विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह सहित यहां के जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने सांसद श्री साहू से आईटीआई में नये ट्रेड खोले जाने की मांग की थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए सांसद श्री साहू ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, विभागीय मंत्री सहित अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें पत्र लिखा था। जिसके बाद ही अमरवाड़ा शासकीय आईटीआई में पांच नये ट्रेड खोले जाने की स्वीकृति मिल चुकी है।
इन नये ट्रेडों की मिली स्वीकृति
सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से शासकीय आईटीआई अमरवाड़ा में पांच नये ट्रेडों की स्वीकृति मिल गई है। जिसके तहत अब विद्यार्थियों को नवीन शिक्षा सत्र से इलेक्ट्रीशियन,फिटर,डीजल मैकेनिक, स्टेनोग्राफर एवं सोलर टेक्नीशियन में प्रवेश मिल सकेगा। साथ ही विद्यार्थियों को शासकीय आईटीआई में ही ई लाईब्रेरी की सुविधा भी जल्द मिल सकेगी।



