ओंकारेश्वर में आज पंचायतन मंदिर का शिलान्यास, CM मोहन यादव करेंगे 45 पवित्र शिलाओं का पूजन
भोपाल/ओंकारेश्वर यशो: -पवित्र नगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार, 27 अगस्त को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 6 बजे एकात्म धाम में भव्य पंचायतन मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर भारत की दिव्य संन्यास परंपरा के प्रतिनिधि, षड्दर्शन संत मंडल के पूज्य संत और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव संतों एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ 45 पवित्र शिलाओं का पूजन कर मंदिर निर्माण का शिलान्यास करेंगे। श्री वेंकटेश्वर वेद विज्ञान पीठम् धर्मगिरि, आंध्रप्रदेश के प्राचार्य के.एस.एस. अवधानी तथा दक्षिणाम्नाय श्री शारदा पीठम् कर्नाटक एवं श्री श्री गुरुकुल के आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान से शिला पूजन का अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा।विविध उपासना परंपराओं का संगम है पंचायतन पूजन
पंचायतन मंदिर का निर्माण जगतगुरु आदि शंकराचार्य द्वारा विभिन्न उपासना पद्धतियों के बीच स्थापित किए गए समन्वय के दर्शन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सनातन परंपरा में पंचायतन पूजन का मूल भाव यह है कि विभिन्न देव स्वरूपों के माध्यम से एक ही परम ब्रह्म की उपासना की जाए। शैव, वैष्णव, शाक्त, सौर और गाणपत्य परंपराओं के बीच समरसता का यह दर्शन भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की विशिष्ट पहचान माना जाता है।केंद्र में भगवान शिव, चारों दिशाओं में पंचदेव
प्राचीन पंचायतन शैली पर आधारित मंदिर के केंद्र में भगवान शिव का मुख्य देवालय होगा। चारों कोनों पर चार उप-देवालय बनाए जाएंगे।- ईशान कोण — भगवान विष्णु
- आग्नेय कोण — भगवान सूर्य
- नैऋत्य कोण — भगवान गणेश
- वायव्य कोण — भगवती शक्ति