नवागत कलेक्टर शीतला पटले ने संभाला कार्यभार
शासन की योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन होगा प्राथमिक लक्ष्य
Seoni 03 October 2025
सिवनी यशो:- भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2014 बैच की अधिकारी श्रीमती शीतला पटले ने शुक्रवार को सिवनी जिले के कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों से जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं की प्रगति और एसडीएम से उनके अनुभागों की स्थिति तथा समस्याओं की जानकारी ली।

श्रीमती पटले ने कहा कि शासन की योजनाओं का समय पर और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन प्रशासन की पहली प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत सहित जिले के सभी एसडीएम उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए आईएएस स्थानांतरण में पूर्व कलेक्टर संस्कृति जैन को भोपाल स्थानांतरित किया गया है। वे अब भोपाल नगर निगम आयुक्त और मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड की प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही हैं।
सिवनी कलेक्टर के रूप में संस्कृति जैन का कार्यकाल ‘गिफ्ट अ डेस्क’ अभियान और भूमि सुधार जैसे कार्यों के लिए उल्लेखनीय रहा। श्रीमती शीतला पटले इसके पूर्व नरसिंहपुर कलेक्टर के पद पर कार्यरत थीं।



