धर्मछिंदवाड़ामध्यप्रदेश

गुरु पूर्णिमा पर जामसांवली हनुमान लोक में उमड़ेगा आस्था का महासैलाब, 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

29 जुलाई से दो दिवसीय महोत्सव शुरू, विशेष अभिषेक, भजन संध्या, विशाल भंडारा और रेल यात्रियों के लिए मुफ्त परिवहन की व्यवस्था

जामसांवली हनुमान लोक में गुरु पूर्णिमा पर 3 लाख श्रद्धालुओं की संभावना, तैयारियां तेज

Chhindwara 18 July 2026
छिंदवाड़ा/ जामसांवली/सौसर यशो:- मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) जामसांवली में इस वर्ष गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिर संस्थान को इस बार 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

शनिवार को मंदिर संस्थान के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा, सचिव टीकाराम कारोकार, मनोहर शेलकी, दादाराव बोबडे, संतोष डवरे, संदीप मोहोड़, एडवोकेट अजय धवले, महादेव मते, निलेश जुननकर, विठ्ठल कारोकार, सीईओ वीरेन्द्र भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक विशेष तैयारी

बैठक में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, वाटरप्रूफ पंडाल, विशाल भंडारा, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंदिर संस्थान ने श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।

दो दिवसीय होगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव

मंदिर संस्थान के अनुसार 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भव्य भजन संध्या एवं भक्तिमय संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वहीं 30 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भगवान श्री हनुमान का विशेष अभिषेक, पूजन, महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।

रेल यात्रियों के लिए मुफ्त परिवहन सुविधा

दूर-दराज से रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर संस्थान ने विशेष व्यवस्था की है। सौसर रेलवे स्टेशन से मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी।

प्रशासन से भी लिया जाएगा सहयोग

मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष गुरु पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु जामसांवली पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है तथा कलेक्टर से भी चर्चा कर आवश्यक सहयोग लिया जाएगा।

यह भी पढ़े :- 

17 साल का इंतजार खत्म! विंध्य की प्यास बुझाएगी देश की सबसे लंबी जल सुरंग

पांढुर्णा-सौंसर-छिंदवाड़ा रेल लाइन: विकास की नई पटरी पर दौड़ेगा पूरा क्षेत्र, पर्यटन-आस्था और कारोबार को मिलेगी रफ्तार 

बच्चों की मांग पर फिर लौटी ‘बच्चा गैंग’! 17 जुलाई से छिंदवाड़ा के श्रीयांश सिनेमा में दोबारा होगी रिलीज

पेंच-कन्हान की कोयला खदानों को रफ्तार देने मैदान में उतरे सांसद बंटी साहू, जीएम-कलेक्टर संग की मैराथन बैठक

https://www.facebook.com/share/r/19AvHhikyB/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button