मंडला यशो:-जून महीने से लाड़ली बहना योजना के तहत जिले की करीब 1 लाख 95 हजार महिलाओं को योजना का लाभ मिलने लगेगा उनके खाते में 1000 रूपये की राशि आने लगेगी। वहीं यह राशि खाते में डालने के पहले शासन द्वारा इन महिलाओं के खाते चेक करने के लिए एक रूपये डाले जाएंगे। इस संबंध में निर्देश भी संबंधित विभागों को जारी कर दिए गए हैं। दूसरी ओर बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं अभी भी सामने आ रही है जिनके खाते का डीबीटी और आधार लिंक अब तक नहीं हो सका है जबकि डीबीटी और आधार लिंक कराने की अंतिम तिथि कल अर्थात 31 मई तक है। बता दें कि आधार लिंक और डीबीटी कराने में प्रदेश में मंडला जिले को तीसरा स्थान मिला है।
महिला एवं बाल विकास कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार लाड़ली बहना योजना के लिए जिले में एक लाख 96 हजार 666 महिलाओं ने पंजीयन कराए हैं। इसमें आधार लिंक 1 लाख 84 हजार 826 महिलाओं के हुए हैं वहीं डीबीटी 1 लाख 83 हजार 601 महिलाओं के ही हो सके हैं। इस तरह करीब 10 हजार से अधिक महिलाओं ने अब तक आधार लिंक और डीबीटी नहीं कराया है। इन्हें अब 31 मई तक यह जरूरी प्रक्रिया पूरी करना होगा। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आधार लिंक और डीबीटी कराने वाली महिलाओं की संख्या में पोर्टल में फिलहाल अपडेट नहीं है इसलिए संख्या कम दिख रही है जबकि अधिकांश महिलाओं के आधार लिंक और डीबीटी करा लिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब जो महिलाएं आधार लिंक और डीबीटी नहीं कराई हैं उनमें ऐसी महिलाएं शामिल हैं जो मजदूरी आदि के चलते पलायन कर गई है या फिर उनका आधार लिंक ही नहीं हुआ है।
टेस्टिंग के लिए खातों में आएंगे 1 रुपए
लाड़ली बहना योजना के तहत 23 से 60 साल तक की पात्र महिलाओं के खाते में 10 जून से एक हजार रूपये आने लगेंगे। इस बार एक साथ यह राशि एक हजार मिलेगी या फिर 999 रूपये इस पर संशय बना हुआ है ऐसा इसलिए क्योंकि जून महिने से योजना की शुरूआत के साथ खाते में 1000 रूपये की राशि डाली जानी है पात्र महिलाओं के खाते में ही राशि जाए इसके लिए शासन द्वारा सभी पात्र महिलाओं जिले में जिनकी संख्या करीब एक लाख 95 हजार 740 बताई गई है, के खाते में पहले 1 रूपये खाता टेस्टिंग के लिए डाले जाएंगे, इसके बाद निर्धारित तारीख को बाकि राशि डाली जाएगी, अब 10 तारीख को खाते में एक हजार रूपये आएंगे या फिर एक हजार एक या फिर 999 यह 10 जून को ही पता चलेगा। जानकारी अनुसार महिलाओं द्वारा योजना के लाभ के लिए आवेदन करने के बाद ऑन लाईन सभी आवेदनों का फिल्टर करने के बाद करीब 2808 महिलाओं की दावा आपत्ति सामने आई थी जिसमें किसी महिला ने वार्षिक आय अधिक होने के बाद भी आवेदन कर दिया था या फिर कुछ महिलाओं की आधार में लगी फोटा और लाईव फोटो अलग-अलग दिख रही थी ऐसे कुल 2808 दावा आपत्तियों में 2636 दावा आपत्तियों का निराकरण करा लिया गया है।
प्रदेश की पात्र महिलाओं के खातों में एक रुपये की राशि डालकर अकाउंट को चेक किया जा रहा है. अब तक एक करोड़ 12 हजार महिलाओं के बैंक खातों की रिपोर्ट ओके हैं.