पायली क्षेत्र में दुर्लभ पक्षियों की ऐतिहासिक साइटिंग
एशियन वाटर बर्ड सेंसस में 70 से अधिक प्रजातियों की पहचान
Seoni 04 January 2026
सिवनी यशो :— पायली क्षेत्र में बरगी बांध के बैकवाटर क्षेत्र में आयोजित एशियन वाटर बर्ड सेंसस के दौरान जैव विविधता से जुड़ी एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। इस सेंसस में 70 से अधिक पक्षी प्रजातियों की पहचान की गई, जिसमें कई दुर्लभ एवं संकटग्रस्त प्रजातियां शामिल हैं।

वनमंडल अधिकारी उत्तर सिवनी डॉ. महेंद्र सिंह उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि –
विशेषज्ञ बर्ड वॉचर्स की टीम के साथ पायली क्षेत्र में यह सर्वेक्षण किया गया। सेंसस के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) की रेड लिस्ट में दर्ज संकटग्रस्त प्रजाति “एशियन ब्लैक-बेलीड टर्न (Asian Black-bellied Tern)” की दुर्लभ साइटिंग की गई।

यह पक्षी अब तक मध्यप्रदेश में केवल मुरैना जिले में ही दर्ज किया गया था।
सिवनी जिले में इसकी उपस्थिति को जिले के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण जैव-विविधता संबंधी उपलब्धि माना जा रहा है।
इसके अतिरिक्त सर्वेक्षण के दौरान पैरा ग्रीन फाल्कन की भी साइटिंग की गई,
जो कि दुर्लभ पक्षी प्रजातियों में शामिल है।
विशेषज्ञों के अनुसार इन प्रजातियों की मौजूदगी पायली क्षेत्र के स्वस्थ, सुरक्षित एवं संतुलित इको-सिस्टम को दर्शाती है।
पक्षी विशेषज्ञों एवं पर्यावरणविदों ने संभावना जताई है कि –
भविष्य में पायली क्षेत्र बर्ड वॉचिंग का प्रमुख हॉटस्पॉट बन सकता है।
इससे न केवल जैव विविधता संरक्षण को बल मिलेगा,
बल्कि ईको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा,
जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकते हैं।



