मक्के की फसल पर पालतू सूअरों का हमला, खेतों में पहुंचकर कर रहे फसल बर्बाद; किसान परेशान
पांच साल से शिकायत के बावजूद नहीं निकला स्थायी समाधान, किसानों ने नगर परिषद और तहसील में की कार्रवाई की मांग
मक्के की फसल पर पालतू सूअरों का आतंक , छपारा में किसान परेशान; 5 साल से मांग के बावजूद समाधान नहीं
Seoni 02 September 2026
सिवनी / छपारा यशो:- नगर परिषद क्षेत्र के फोरलेन बायपास से लगे खेतों में इन दिनों पालतू सूअरों का आतंक किसानों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। खेतों में घुसकर सूअर मक्के की खड़ी फसल को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे क्षेत्र के किसान खासे चिंतित हैं।
किसानों के अनुसार, पिछले वर्ष भी पालतू सूअरों ने खेतों में पहुंचकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया था। इस संबंध में किसानों ने तहसील कार्यालय छपारा में शिकायत भी की थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इस वर्ष एक बार फिर यही स्थिति सामने आने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
तहसील कार्यालय के पीछे लगे हैं किसानों के खेत
किसानों ने बताया कि नगरीय क्षेत्र की सीमा से लगे तहसील कार्यालय के पीछे करीब 8 से 10 किसानों की कृषि भूमि है। इन खेतों में छपारा नगर क्षेत्र के पालतू सूअर दिन-रात पहुंच रहे हैं और मक्के की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि एक ओर इस वर्ष कम बारिश के कारण फसलों पर संकट बना हुआ है। जैसे-तैसे खेतों में फसल खड़ी हुई है, लेकिन पालतू सूअरों द्वारा उसे नुकसान पहुंचाए जाने से किसानों को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
पांच साल से कार्रवाई की मांग, फिर भी समस्या जस की तस
क्षेत्र के किसान चंद्रशेखर, रामकुमार, मूलचंद और जयराम सैयाम ने बताया कि वे पिछले करीब पांच वर्षों से शासन-प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि खेतों में खड़ी फसलों को पालतू सूअरों से बचाने के लिए उनके मालिकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
किसानों के मुताबिक, पिछले वर्ष भी नगर परिषद एवं तहसील कार्यालय में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन सूअर मालिकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि फसल को नुकसान पहुंचाने वाले पालतू सूअरों के मालिकों को चिन्हित कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।
इनका कहना है
किसानों की लिखित शिकायत आज ही प्राप्त हुई है। पूर्व में भी संबंधित सूअर मालिकों को मौखिक रूप से समझाइश दी गई थी। अब लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :-
नर्सिंग छात्रों का फूटा सब्र, परीक्षाएं जल्द कराने राज्यपाल-CM को सौंपा ज्ञापन
एसपीएल फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने की सहभागिता
12वीं के साथ किसी ने NEET तो किसी ने JEE Main किया क्रैक, प्रतिभाओं से प्रभावित हुए CM मोहन यादव



