मध्यप्रदेशसिवनी

पुलिस भर्ती के सपनों को पंख, ‘सिवनी की उड़ान’ में शुरू हुआ शारीरिक दक्षता परीक्षण

पहले दिन 194 बालिकाओं ने दिया परीक्षण, अब तक 1700 से अधिक पंजीयन; पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैयारी के लिए मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण

सिवनी की उड़ान: पुलिस भर्ती के लिए 194 बालिकाओं ने दिया शारीरिक दक्षता परीक्षण

Seoni 22 August 2026
सिवनी यशो:- पुलिस भर्ती और अर्द्धसैनिक बलों में करियर बनाने का सपना देख रही सिवनी की बालिकाओं को बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की ‘प्रोजेक्ट-सिवनी की उड़ान’ पहल ने गति पकड़ ली है। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में शनिवार से पंजीकृत बालिकाओं का शारीरिक दक्षता परीक्षण शुरू हुआ। सिवनी के फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित पहले दिन 194 बालिकाओं ने उत्साह के साथ परीक्षण में भाग लिया। प्रोजेक्ट के प्रति बालिकाओं का उत्साह इस बात से भी नजर आया कि अब तक 1700 से अधिक बालिकाएं पंजीयन करा चुकी हैं।

हाइट सहित शारीरिक दक्षता का हुआ आकलन

परीक्षण के दौरान पुलिस भर्ती के लिए आवश्यक शारीरिक मापदंडों के अनुरूप बालिकाओं की ऊंचाई सहित विभिन्न शारीरिक दक्षताओं का आकलन किया गया। इस प्रक्रिया के माध्यम से अभ्यर्थियों की वर्तमान शारीरिक क्षमता का प्रारंभिक मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि उन्हें आगे की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया जा सके।

अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती में निर्धारित शारीरिक दक्षता मानकों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास, फिटनेस और अनुशासन को अपनी तैयारी का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

लिखित के साथ शारीरिक तैयारी भी होगी मजबूत

‘सिवनी की उड़ान’ के तहत बालिकाओं को पुलिस भर्ती, अर्द्धसैनिक बलों एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क लिखित एवं शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य आर्थिक कारणों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित प्रतिभाओं को बेहतर मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण के दौरान केवल लिखित परीक्षा पर ही नहीं, बल्कि पुलिस भर्ती के लिए जरूरी शारीरिक दक्षता पर भी विशेष फोकस रहेगा। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा की दोनों महत्वपूर्ण चुनौतियों के लिए व्यवस्थित रूप से तैयार किया जा सकेगा।

रविवार को भी होगा परीक्षण

अधिक से अधिक पंजीकृत बालिकाओं को परीक्षण का अवसर देने के लिए रविवार को भी शारीरिक परीक्षण आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी दिनों में भी परीक्षण जारी रहेगा। प्रारंभिक आकलन के आधार पर अभ्यर्थियों को आगे के प्रशिक्षण के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने में मदद मिलेगी।

सिवनी और लखनादौन में होंगे प्रशिक्षण केंद्र

प्रोजेक्ट के अंतर्गत सिवनी एवं लखनादौन में प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार प्रशिक्षण केंद्र का चयन करने की सुविधा मिलेगी। प्रशासन की इस पहल से जिले की बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर ही मार्गदर्शन, अभ्यास और शारीरिक प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध होगा।

‘सिवनी की उड़ान’ अब केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले की बेटियों को सरकारी सेवा और वर्दी वाले प्रतिष्ठित करियर की ओर आगे बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रही है।

यह भी पढ़े :-

पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन से जुड़ें किसान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सिवनी नगर पालिका में सफाई व्यवस्था ठप, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने संभाला मोर्चा

22 अगस्त से बदलेगा छिंदवाड़ा–मंडला फोर्ट पैसेंजर का समय, सिवनी में 8:45 बजे पहुंचेगी ट्रेन

संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर आज से निकलेगी भव्य कलश रथ यात्रा

https://www.minorityaffairs.gov.in/show_content.php?lang=1&level=1&ls_id=64&lid=63

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button