प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर मध्यप्रदेश में धार्मिक आयोजन, भाजपा ने मनाया गौरव दिवस
जनसेवा, समर्पण और विश्वास का स्वर्णिम काल”, प्रदेशभर के मंदिरों में हुई पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ
प्रधानमंत्री मोदी 12 वर्ष पूर्ण होने पर- भाजपा ने गौरव दिवस मनाया प्रदेशभर में धार्मिक आयोजन
भोपाल यशो ‘- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करने पर बुधवार को मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य धार्मिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों, भाजपा प्रदेश कार्यालय तथा सभी विधानसभाओं में पूजा-पाठ, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल नेतृत्व की मंगलकामना की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हनुमान चालीसा पाठ में भाग लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा, समर्पण और विश्वास के 12 वर्षों में नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा को नई मजबूती मिली है। करोड़ों गरीबों को आवास, मुफ्त राशन और सम्मानजनक जीवन देने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।

“मोदी युग में भारत बना आत्मनिर्भर और वैश्विक शक्ति”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नीलबड़ स्थित देवी एवं हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री मोदी के नाम से अनाज की भव्य रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और देशभर के धार्मिक स्थलों के विकास ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। आज दुनिया भारत को एक मजबूत, सक्षम और निर्णायक राष्ट्र के रूप में देख रही है।
“गरीब कल्याण और विकास का स्वर्णिम काल”
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष भारत के विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम काल साबित हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और आज दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुनती है। देश की 80 प्रतिशत आबादी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और सुशासन पर विश्वास जता रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, राज्यसभा नामांकन विवाद पर बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में हार से बचने के लिए अपने प्रत्याशी के नामांकन पत्र में गलत जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी वर्षों तक समाज को बांटने और सत्ता के लिए राजनीति करती रही, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकालकर वास्तविक विकास का कार्य किया है।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी और राज्यसभा नामांकन विवाद को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने ही विधायकों का विश्वास खो चुकी है।
प्रदेशभर के मंदिरों में हुए धार्मिक आयोजन
भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित श्री हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इसके अलावा उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर, खंडवा के ओंकारेश्वर मंदिर, मैहर की शारदा माता मंदिर, दतिया की पीतांबरा पीठ, इंदौर के खजराना गणेश मंदिर, अमरकंटक स्थित मां नर्मदा उद्गम स्थल सहित प्रदेशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री मोदी के सफल नेतृत्व के लिए मंगलकामनाएं कीं।
“विकसित भारत-2047” के संकल्प को मिली नई ऊर्जा
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक प्रगति के नए युग में प्रवेश कर चुका है। विकसित भारत-2047 का संकल्प प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 4399 दिनों का यह ऐतिहासिक कार्यकाल राष्ट्रसेवा, समर्पण और जनविश्वास का प्रतीक बन चुका है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। :::



