सिवनीधर्ममध्यप्रदेश

माई से माई के दरबार तक गूंजेगा जय माता दी का जयघोष, निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा

15 अक्टूबर को माता दिवाला से राजराजेश्वरी मंदिर तक निकलेगी आस्था की चुनरी यात्रा, एक किलोमीटर लंबी चुनरी बनेगी आकर्षण का केंद्र

सिवनी में 15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य आस्था की चुनरी यात्रा

नवरात्रि के पावन पर्व पर मां भगवती के चरणों में समर्पित होगी एक किलोमीटर लंबी चुनरी
माता दिवाला से राजराजेश्वरी मंदिर तक गूंजेगा जय माता दी का जयघोष, महाआरती के साथ होगा भव्य समापन

Seoni, 12 October 2026
सिवनी यशो:- शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर धर्मनगरी सिवनी में भक्ति, श्रद्धा और सनातन आस्था का विराट स्वरूप देखने को मिलेगा। श्रीराम भक्त सेवा समिति के तत्वावधान में आगामी 15 अक्टूबर, गुरुवार को ‘माई से माई के दरबार तक आस्था की चुनरी यात्रा’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मां भगवती के चरणों में श्रद्धा अर्पित करने के लिए निकलने वाली यह यात्रा नगर में धार्मिक एकता, सनातन संस्कृति और मातृशक्ति की भक्ति का अनुपम संदेश देगी।

आयोजन समिति ने बताया कि 15 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे माता दिवाला मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं मां भगवती के जयकारों के साथ आस्था की चुनरी यात्रा का शुभारंभ होगा। श्रद्धालु मां के दरबार में शीश नवाकर एक किलोमीटर लंबी चुनरी लेकर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल होंगे।

मंदिरों और प्रमुख मार्गों से होकर पहुंचेगी मां के दरबार

माता दिवाला मंदिर से प्रारंभ होने वाली चुनरी यात्रा मठ मंदिर, छिंदवाड़ा चौक, धर्मशाला, नगर पालिका चौक और नेहरू रोड होते हुए शुक्रवारी पहुंचेगी। यहां से यात्रा काली चौक स्थित काली मंदिर, बरघाट रोड, गणेश चौक और पुनः शुक्रवारी होते हुए गिरजा कुंड पहुंचेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं का विशाल कारवां माता राजराजेश्वरी मंदिर पहुंचेगा, जहां मां भगवती के चरणों में चुनरी अर्पित कर महाआरती की जाएगी। महाआरती के साथ इस दिव्य एवं भक्तिमय यात्रा का विधिवत समापन होगा।

एक किलोमीटर लंबी चुनरी बनेगी श्रद्धा का प्रतीक

चुनरी यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण एक किलोमीटर लंबी चुनरी होगी। श्रद्धालु मां भगवती के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और समर्पण प्रकट करते हुए चुनरी के साथ यात्रा में शामिल होंगे। नवरात्रि के पावन दिनों में निकलने वाली यह यात्रा नगर में ‘जय माता दी’, ‘मां भवानी के जयकारों’ और भक्ति गीतों से आध्यात्मिक वातावरण को गुंजायमान करेगी।

सनातन समाज से भव्य सहभागिता का आह्वान

आयोजन समिति ने सिवनी नगर के समस्त सनातन समाज की मातृशक्ति, पुरुष वर्ग, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, दुर्गा पूजा पंडाल समितियों तथा गणेश उत्सव पूजन समितियों सहित सभी श्रद्धालु वर्ग से इस पुण्य एवं भक्तिमय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

समिति ने अपील की है कि मां भगवती की भक्ति, सनातन संस्कृति और धार्मिक एकता के इस महापर्व में सभी श्रद्धालु परिवार सहित सहभागिता करें और आस्था की चुनरी यात्रा को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक बनाएं।

नवरात्रि के पावन अवसर पर मां के दरबार तक निकलने वाली यह यात्रा केवल चुनरी यात्रा नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण, संस्कार और सनातन आस्था का विराट उत्सव बनने जा रही है।

यह भी पढ़े :-

316 मनोकामना ज्योति कलशों से दिव्य हुआ सिद्धपीठ ज्वाला देवी का दरबार, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवरात्र महोत्सव का भव्य शुभारंभ 

छपारा में माय भारत का जागरूकता अभियान: नशे के खिलाफ युवाओं ने लिया संकल्प, आपदा बचाव और पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

खबर का असर: NH-44 के नाले से हटवाया बायोमेडिकल कचरा, जांच के बाद हो सकती है बड़ी कार्रवाई

सीताफल मंडी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो व्यापारियों का माल जब्त; प्रतिबंध के बीच बाजार में कैसे पहुंचा फल?

https://www.naidunia.com/chhattisgarh/mungeli-manokamana-jyoti-kalash-lit-in-mahamaya-temple-8299606

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button