केक खाने से आठ बच्चों समेत शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल रेफर
जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस पर स्कूल में काटा था केक; पां. छपारा स्वास्थ्य केंद्र से सभी को सिवनी जिला अस्पताल भेजा गया, तबीयत बिगड़ने का कारण जांच का विषय
सिवनी में केक खाने से 8 बच्चों और शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल रेफर
Seoni, 05 September 2026
सिवनी यशो:- केवलारी विधानसभा क्षेत्र की अंतिम सीमा पर स्थित उपतहसील उगली के अंतर्गत पां. छपारा क्षेत्र के सुआ प्राथमिक स्कूल में केक खाने के बाद आठ छात्र-छात्राओं समेत एक शिक्षक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों और शिक्षक को प्रारंभिक उपचार के लिए पां. छपारा स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद सभी को बेहतर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद स्कूल परिसर और गांव में हड़कंप की स्थिति बन गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों और शिक्षक की निगरानी की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्कूल में केक काटने के बाद बिगड़ी तबीयत
शाला प्रबंधन और प्रधान पाठक के अनुसार, जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस के अवसर पर बच्चों ने पां. छपारा की एक दुकान से केक खरीदा था। स्कूल में केक काटकर खाने के कुछ समय बाद बच्चों को जी मचलने सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं। स्थिति की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई, जिसके बाद बच्चों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

स्वास्थ्य केंद्र में प्रारंभिक जांच के दौरान कुछ बच्चों की हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी भेजने का निर्णय लिया।
फूड पॉइजनिंग या संक्रमण? जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण
चिकित्सकीय स्टाफ के अनुसार बच्चों की तबीयत फूड पॉइजनिंग, संक्रमण या किसी अन्य कारण से बिगड़ी है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। वास्तविक कारण जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही सामने आएगा।
स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस उस समय लखनादौन क्षेत्र में होने के कारण बच्चों को तत्काल निजी वाहन से सिवनी जिला अस्पताल भेजा गया, ताकि उनकी स्वास्थ्य जांच और उपचार में देरी न हो।
आठ बच्चों और एक शिक्षक का स्वास्थ्य परीक्षण
जिला अस्पताल में जिन बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है, उनमें पीहू पिता गणेश मरकाम (11), दीक्षा पिता दुर्गेश (6), दिव्या पिता मेनसिंह मर्सकोले (10), नंदनी पिता राकेश (10), फरदीन पिता दिनेश उइके (9), प्रेम पिता गणेश मरकाम (8), आयुष पिता हेमराज मर्सकोले (7) और शिवा पिता विनोद मरकाम (9) शामिल हैं।
इनके अलावा शिक्षक सत्येंद्र सोनवाने (36) का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।
शिक्षक का एसपीओ2 स्तर कम मिला
जानकारी के अनुसार लगभग सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। शिक्षक सत्येंद्र सोनवाने वायरल संक्रमण से पीड़ित बताए जा रहे हैं और उनका एसपीओ2 स्तर कम पाया गया है। चिकित्सकों द्वारा बच्चों और शिक्षक की लगातार निगरानी की जा रही है।
24 घंटे बाद खाया गया था केक
पां. छपारा स्थित जलपान दुकान के संचालक के अनुसार बच्चों ने 4 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दुकान से केक खरीदा था। इसके बाद 5 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे केक खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई।
दुकान संचालक ने बताया कि केक बालाघाट स्थित मंथन बेकरी से ताजा मंगवाया जाता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह स्वयं स्कूल पहुंचे और उसी केक को खाकर भी देखा, लेकिन उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
हालांकि, बच्चों ने केक को करीब 24 घंटे तक कहां और किस स्थिति में रखा था, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में केक खाने और तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बारिश और संक्रमण के बीच जांच का विषय बना मामला
वर्तमान में बारिश का मौसम होने के साथ ही त्योहार और संक्रमण की संभावनाओं को देखते हुए बच्चों की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण जांच का विषय बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के सरपंच अशोक राहंगडाले भी अन्य ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने सभी बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
यह भी पढ़े :-शालाओं में ब्लैक बोर्ड की जगह अब स्मार्ट बोर्ड ने ले ली
टीचर्स डे पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, ऑफलाइन होगी TET
जन्माष्टमी पर CM डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात: पात्र बंदियों की सजा होगी एक माह कम
छात्रावासों पर प्रशासन की पैनी नजर, 86 कन्या छात्रावासों की निगरानी महिला अधिकारियों के हाथ



