प्रदेश कार्यसमिति में सिवनी को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व, भाजपा नेताओं का हुआ भव्य सम्मान
डॉ. ढालसिंह बिसेन, नीता पटेरिया और सुजीत जैन के प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने पर भाजपा परिवार में उत्साह; संगठन को और मजबूत बनाने का लिया संकल्प
सिवनी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सम्मान समारोह – डॉ. ढालसिंह बिसेन, नीता पटेरिया और सुजीत जैन का सम्मान
Seoni 25 June 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा सिवनी जिले के वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश कार्यसमिति में नियुक्त नेताओं का पुष्पहार, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रदेश कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य डॉ. ढालसिंह बिसेन, कार्यसमिति सदस्य श्रीमती नीता पटेरिया तथा कार्यसमिति सदस्य एवं कटनी जिला प्रभारी सुजीत जैन का स्वागत एवं सम्मान किया गया। युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नवनियुक्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वैभव पवार आवश्यक कार्य से जिले से बाहर होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
यह भी पढ़े :- नगरपालिका विदाई समारोह में हंगामा: धक्का-मुक्की के बाद गरमाई सियासत, कांग्रेस पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन
सम्मान समारोह के पश्चात लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी सभी वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

सिवनी के लिए गौरव का विषय : मीना बिसेन
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने सिवनी जिले के अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं पर विश्वास जताकर जिले का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि डॉ. ढालसिंह बिसेन, नीता पटेरिया और सुजीत जैन जैसे वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश संगठन को मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इनकी नियुक्ति से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक मजबूत होगा।
यह भी पढ़े :-लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेगी भाजपा, आपातकाल के काले अध्याय से युवाओं को कराया जाएगा अवगत
संगठन की ताकत ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी : दिनेश राय मुनमुन
सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और अनुशासन के आधार पर खड़ा है। प्रदेश कार्यसमिति में जिले के नेताओं को मिला स्थान सिवनी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अनुभवी नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य और प्रभावी ढंग से किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं के विश्वास को बनाए रखना हमारी प्राथमिकता : डॉ. ढालसिंह बिसेन
प्रदेश कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य डॉ. ढालसिंह बिसेन ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।
यह भी पढ़े :-सीएम मोहन यादव ने जबलपुर एयरपोर्ट का नाम वीरांगना के नाम पर रखने का किया ऐलान
नई जिम्मेदारी को सेवा का अवसर मानती हूं : नीता पटेरिया
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती नीता पटेरिया ने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार के प्रत्येक कार्यकर्ता के सहयोग से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
संगठन विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस : सुजीत जैन
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं कटनी जिला प्रभारी सुजीत जैन ने कहा कि भाजपा का मूल आधार उसका संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुरूप संगठन विस्तार, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और जनसंपर्क गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



