सिवनीमध्यप्रदेश

सिवनी में मतदाता सूची में नाम जोड़ने का विशेष अभियान, 7 से 9 अक्टूबर तक लगेंगे शिविर

18-19 वर्ष के युवाओं, नए पात्र मतदाताओं और SIR में छूटे नामों को सूची में जोड़ने की होगी कार्रवाई

Seoni 07 October 2026
सिवनी यशो:-
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार सिवनी जिले में 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अभियान में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, प्रथम बार पात्र होने वाले नवीन मतदाताओं, मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र नागरिकों तथा SIR प्रक्रिया के दौरान कटे हुए नामों को पुनः निर्वाचक नामावली में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

विशेष अभियान के तीनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं और नए मतदाताओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म-6 में निर्धारित जानकारी भरकर बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार फॉर्म-6 जमा करते समय मतदाता को किसी प्रकार का अलग घोषणा पत्र देने की आवश्यकता नहीं होगी।

स्कूल-कॉलेजों में भी लगेंगे विशेष शिविर

अभियान के अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। यहां मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे विद्यार्थियों के साथ-साथ 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों से भी ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

इसके लिए मतदाता सहायता मोबाइल एप्लीकेशन एवं मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए प्रभावी अभियान के निर्देश

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नेहा मीना ने जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को आयोजित विशेष अभियान-सह-शिविर को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज हो।

अभियान का मुख्य उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा अधिक से अधिक युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ा जा सके।

यह भी पढ़े :-

दिनेश राय मुनमुन के नेतृत्व में 8 अक्टूबर को सिवनी में सेवा का महाआयोजन, स्वास्थ्य शिविर के साथ मातृशक्ति को स्वरोजगार की सौगात

कंजई के जंगल में अवैध शराब के अड्डे पर डूण्डासिवनी पुलिस का प्रहार

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की परिचय एवं कामकाजी बैठक संपन्न

राहुल गांधी 30 साल विलंब से कर रहे राजनीति, बालाघाट दौरा संवेदना नहीं राजनीतिकरण: उदय प्रताप सिंह

https://ceoelection.mp.gov.in/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!