मंत्री विजय शाह के समर्थन में सिवनी में दलित-आदिवासी छात्रों का जोरदार प्रदर्शन
भाषाई भूल पर चार बार माफी के बावजूद ट्रोलिंग का आरोप, आदिवासी नेतृत्व को निशाना बनाने का दावा
सिवनी यश:- कैबिनेट मंत्री विजय शाह के समर्थन में बुधवार को अनुसूचित जाति-जनजाति छात्र संघ जिला सिवनी के तत्वाधान में कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान दलित-आदिवासी छात्रों ने कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए मंत्री विजय शाह के विरुद्ध बनाए जा रहे माहौल पर आपत्ति जताई।
छात्र संघ का कहना था कि मंत्री विजय शाह द्वारा दिया गया बयान एक भाषाई भूल था, जिसे बाद में बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया गया और इसी आधार पर उनके विरोध में वातावरण तैयार किया गया। संघ ने कहा कि मंत्री शाह स्वयं अपने बयान पर चार बार सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं, इसके बावजूद उन्हें लगातार ट्रोल किया जाना भेदभावपूर्ण रवैए को दर्शाता है।
आदिवासी होने के कारण नेतृत्व को दबाने का आरोप
छात्र संघ ने आरोप लगाया कि विजय शाह आदिवासी समाज के एक प्रतिष्ठित नेता हैं, जिन्होंने इस वर्ग के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कहीं न कहीं उनके आदिवासी होने के कारण उनके नेतृत्व को कमजोर करने और उन्हें पद से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
माफी स्वीकार कर प्रकरण समाप्त करने की मांग
संघ ने मंत्री विजय शाह द्वारा मांगी गई माफी को स्वीकार करते हुए इस पूरे प्रकरण को समाप्त किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विवाद खड़ा कर आदिवासी नेतृत्व को निशाना बनाना समाज के हित में नहीं है।
इस अवसर पर छात्र संघ के जिला अध्यक्ष सौरभ नाग, कुलदीप बड़कड़े, भूपेंद्र पूसाम, धनराज परते, मिथलेश धर्मक, विनय भलावी, जितेंद्र बाकोड़े, विशेष मरावी, नीलेश तेकाम, डाजेंड्र उइके, रवि सहित सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।



