सिवनी में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना पर लटकी जांच की तलवार
करोड़ों के कामों में भ्रष्टाचार के आरोप, ठेकेदार-अधिकारियों की मिलीभगत पर उठे सवाल
Seoni 03 October 2025
सिवनी यशो। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना (शीर्ष 6084) के तहत सिवनी जिले में हुए विकास एवं निर्माण कार्य अब जांच के घेरे में आ गए हैं। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग ने इन कार्यों की जांच के लिए समिति गठित कर दी है।
जिले में लंबे समय से इस योजना के कार्यों को लेकर भारी भ्रष्टाचार, गड़बड़ी और फर्जीवाड़े की शिकायतें उठती रही हैं। केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह ने भी विधानसभा में अतारांकित प्रश्न क्रमांक 119 के तहत यह मुद्दा उठाया था, जिसका अब तक कोई संतोषजनक जवाब सरकार की ओर से नहीं दिया गया।
विधायक का विधानसभा प्रश्न
विधायक ने पूछा था—
(क) सिवनी जिले में अधोसंरचना मद से स्वीकृत कार्यों में किस नियम के तहत ग्राम पंचायत को कार्य एजेंसी बनाया गया और क्यों कार्य ठेकेदारों से कराया जा रहा है?
(ख) इन कार्यों की देखरेख कौन कर रहा है तथा यदि कार्य गुणवत्ता विहीन पाए जाते हैं तो जिम्मेदार कौन होगा?
इस प्रश्र को सदन में 28 जुलाई 2025 को लिया गया । इसका जबाब क्या प्राप्त हुआ स्पष्ट नहीं है ।
भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
विधायक का आरोप है कि करोड़ों रुपये के कामों का ठेकेदार,
अधिकारियों
और कुछ नेताओं के बीच बंदरबांट हुआ है।
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को धमका कर उनके नाम का दुरुपयोग किया गया,
जबकि जनपद अध्यक्षों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया गया।
राजनीतिक संरक्षण पाने वाले ठेकेदार कथित तौर पर धौंस और गुंडागर्दी से सरकारी धन लूटते रहे।
बनी जांच समिति
अब भोपाल से जारी आदेश में मंडला संभाग के कार्यपालन यंत्री पी.के. कुशमारे को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
समिति में सहायक यंत्री सिवनी सुनिल जैन,
सहायक यंत्री मंडला राहुल मंडरहा,
उपयंत्री मंडला सैफ अजहर,
उपयंत्री सिवनी श्यामसुंदर परिहार और
अधीक्षण यंत्री भोपाल प्रभात गुप्ता को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
समिति को निर्देशित किया गया है कि –
जिले में स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता, प्राक्कलन और सामग्री का परीक्षण कर 15 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सिवनी को आदेशित किया गया है कि वे माप पुस्तिका,
प्राक्कलन की प्रति और सामग्री परीक्षण रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराएँ
Seoni Latter



