ग्रामोदय से ही संभव है प्रदेश का अभ्युदय – डॉ. श्याम सिंह कुमरे
ग्रामोदय से ही संभव है प्रदेश का अभ्युदय – डॉ. श्याम सिंह कुमरे
लखनादौन में ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का हुआ शुभारंभ
लखनादौन यशो :- प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान” का शुभारंभ मप्र जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड लखनादौन में विकासखंड स्तरीय सम्मेलन के माध्यम से किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार विकासखंड समन्वयक श्रीमती रीता वर्मा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मप्र रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. श्याम सिंह कुमरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मप्र राज्यपाल सलाहकार संघ के संपर्क प्रमुख विक्रांत कुमरे विशेष अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी राजश्री मेश्राम ने की।

इस अवसर पर के.सी. खटीक (एसडीओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग), मोहन सिंह मरावी (प्रबंधक, एनआरएलएम), आदित्य कुमार सोनी (सहायक उपवन परिक्षेत्र अधिकारी) एवं उद्यानिकी विभाग से श्रीमती अंसारी अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अभियान के उद्देश्य और कार्ययोजना पर प्रकाश
अतिथियों के स्वागत उपरांत विकासखंड समन्वयक श्रीमती रीता वर्मा श्रीवास्तव ने अभियान की आवश्यकता एवं उद्देश्य पर जानकारी देते हुए बताया कि शासन की मंशानुसार ग्राम-ग्राम में योजनाओं से वंचित व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना इस अभियान का मूल उद्देश्य है। इसके साथ ही नशामुक्ति, जल संरक्षण, पौधारोपण, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने तथा विकसित भारत निर्माण के लिए ग्रामीणों को जागरूक करना भी इस अभियान का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 30 जनवरी तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विकासखंड लखनादौन के प्रत्येक सेक्टर के ग्रामों में नवांकुर संस्थाओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं समाजकार्य के छात्र-छात्राओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
“अंतिम व्यक्ति तक योजना पहुंचे, तभी विकास संभव”
मुख्य अतिथि डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब तक प्रदेश में कोई भी व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित है, तब तक योजनाएं अपने उद्देश्य में सफल नहीं हो सकतीं। जिस ग्राम में वंचित व्यक्ति निवास करता है, उस ग्राम का वास्तविक विकास संभव नहीं है। जब तक ऐसा कोई गांव मौजूद है, तब तक प्रदेश विकास की ऊंचाई को नहीं छू सकता। इसी भावना के साथ ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान प्रारंभ किया गया है।
पेसा एक्ट, शिक्षा और भाषा पर विशेष जोर
विशेष अतिथि विक्रांत कुमरे ने छात्र-छात्राओं से पंचायतों में पेसा एक्ट के प्रति जागरूक रहने एवं ग्रामीणों को इसकी जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी भाषा न जानने को लेकर किसी प्रकार की हीन भावना नहीं रखनी चाहिए। स्थानीय भाषाएं अधिक प्रभावी होती हैं और उनका संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा को विकास की कुंजी बताया।
विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
एसडीओ के.सी. खटीक ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं सहित विकसित भारत ग्राम योजना की जानकारी दी। वन विभाग के अधिकारी आदित्य कुमार सोनी ने तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना एवं वन समितियों के गठन की जानकारी दी।
उद्यानिकी विभाग की श्रीमती अंसारी ने बताया कि प्रदेश में जीव विज्ञान एवं कृषि संकाय के विद्यार्थियों के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने पर 35 प्रतिशत शासकीय अनुदान दिया जाता है। एनआरएलएम प्रबंधक मोहन सिंह मरावी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं की जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव और सफलता की कहानियां
कार्यक्रम में समाजकार्य के विद्यार्थियों अनामिका यादव,
प्रेमलता अहिरवार,
विभा नेमा,
संजय चक्रवर्ती,
सुरेंद्र डहरिया,
साक्षी गोलहानी,
अंकित झारिया एवं
पुष्पा उईके ने अपने अनुभव और सफलता की कहानियां साझा कीं।
सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुति और समापन
अध्यक्षीय उद्बोधन में राजश्री मेश्राम ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए अनुशासन,
समय प्रबंधन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सीमित उपयोग पर जोर दिया
कार्यक्रम में अतिथियों को फलदार पौधे भेंट किए गए तथा
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सरस्वती वंदना दमड़ीलाल अरेवा द्वारा प्रस्तुत की गई।
स्वागत गीत रागिनी झारिया एवं प्रेमलता अहिरवार ने प्रस्तुत किया।
मंच संचालन डॉ. उमरन सिंह यादव ने किया।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के समाजकार्य स्नातक एवं
स्नातकोत्तर छात्र-छात्राएं,
विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से आए प्रस्फुटन समिति के कार्यकर्ता एवं
जन अभियान परिषद की टीम बड़ी संख्या में उपस्थित रही।



