जिले में हाईस्कूल एवं हायरसेकेण्डरी की मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण रूप से संपन्न
84 परीक्षा केन्द्रों पर सुचारु आयोजन, नकल प्रकरण पूरी तरह शून्य
Seoni 14 February 2026
सिवनी यशो:- माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायरसेकेण्डरी की मुख्य परीक्षाएं जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं पारदर्शी वातावरण में संचालित की जा रही हैं। 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक चलने वाली इन परीक्षाओं के अंतर्गत जिले के 84 परीक्षा केन्द्रों पर हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार 14 फरवरी 2026 को हाईस्कूल स्तर पर NSQF एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय की परीक्षा 51 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 3693 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3669 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 24 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा के दौरान नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया, जो परीक्षा व्यवस्था की सुदृढ़ निगरानी और प्रशासनिक सतर्कता को दर्शाता है।
इसी क्रम में हायरसेकेण्डरी स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी विषय की परीक्षा एक परीक्षा केन्द्र पर आयोजित की गई। इस विषय में एक विद्यार्थी पंजीकृत था, जो परीक्षा में अनुपस्थित रहा। इस परीक्षा में भी नकल प्रकरण पूर्णतः निरंक रहा।
परीक्षा की प्रभावी निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था, जहां से सभी परीक्षा केन्द्रों की सतत मॉनिटरिंग की गई। इसके साथ ही जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय निरीक्षण दलों ने विभिन्न केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई।
प्रशासनिक स्तर पर की गई पुख्ता व्यवस्थाओं के चलते विद्यार्थियों को अनुकूल वातावरण मिला, जिससे जिले में परीक्षा प्रक्रिया को लेकर अनुशासन, पारदर्शिता और विश्वास का माहौल बना रहा।



