कला संगम महोत्सव में पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी सम्मानित कलाकारों की होगी भव्य प्रस्तुति
30 और 31 मई को छिंदवाड़ा में सजेगा शास्त्रीय नृत्य और संगीत का रंगमंच, प्रवेश रहेगा निशुल्क

कला संगम शास्त्रीय नृत्य महोत्सव – 30-31 मई को, पद्मश्री अरुणा मोहंती सहित देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति
Chhindwara 27 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत की समृद्ध परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित कला संगम शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत महोत्सव का पांचवां संस्करण 30 एवं 31 मई को बादल भोई जनजातीय संग्रहालय के ओपन ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। दोनों दिनों में कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

महोत्सव के आयोजक एवं कला संगम के निर्देशक अमित डोले ने बताया कि इस वर्ष भी देश के विभिन्न राज्यों से ख्यातिप्राप्त शास्त्रीय नृत्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देने छिंदवाड़ा पहुंच रहे हैं। यह आयोजन कला प्रेमियों के लिए एक दुर्लभ अवसर होगा, जहां एक ही मंच पर विभिन्न शास्त्रीय नृत्य शैलियों के दिग्गज कलाकारों को देखने का अवसर मिलेगा।
भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संवर्धन का प्रयास
अमित डोले कलाक्षेत्र फाउंडेशन के पूर्व छात्र हैं तथा वर्तमान में शोध कार्य से जुड़े हुए हैं। वे दूरदर्शन के ग्रेडेड आर्टिस्ट होने के साथ-साथ सीसीआरटी स्कॉलरशिप से भी सम्मानित हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके अमित डोले का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय कलाओं को बढ़ावा देना और स्थानीय नागरिकों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

30 मई को होंगी ये प्रस्तुतियां
महोत्सव के प्रथम दिन 30 मई को देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
- धीरेन्द्र तिवारी (दिल्ली) – कथक नृत्य प्रस्तुति
- श्वेता प्रचांडे (चेन्नई) – भरतनाट्यम नृत्य
- अमित डोले (छिंदवाड़ा) – भरतनाट्यम प्रस्तुति
31 मई को पद्मश्री अरुणा मोहंती बांधेंगी समां
महोत्सव के दूसरे दिन 31 मई को पद्मश्री सम्मानित कलाकारों सहित देश के प्रतिष्ठित नृत्यांगनाओं की प्रस्तुतियां होंगी।
- अरुणा मोहंती एवं समूह (भुवनेश्वर) – ओडिसी नृत्य
- रंजीत बाबू एवं विजिना वासुदेवन (चेन्नई) – भरतनाट्यम जुगलबंदी
- श्रीलक्ष्मी गोवर्धनन (केरल) – कुचिपुड़ी नृत्य प्रस्तुति
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का होगा सम्मान
महोत्सव के दौरान आयोजित 12 दिवसीय भरतनाट्यम कार्यशाला में भाग लेने वाले बच्चों तथा कला संगम इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों को पद्मश्री कलाकारों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही संस्था द्वारा इस वर्ष से दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) प्रदान करने की पहल भी शुरू की जा रही है। संस्था के छात्रों को बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द ईयर, मोस्ट डेडिकेटेड स्टूडेंट तथा 100 प्रतिशत उपस्थिति जैसी श्रेणियों में भी सम्मानित किया जाएगा।
अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
कला संगम के निर्देशक अमित डोले ने जिले के सभी कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने तथा भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत की इस अनूठी सांस्कृतिक यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की है।



