कुरई में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर कल्टीवेटर की चपेट में आया किसान, मौके पर मौत
कपलिंग टूटने से उचटा लोहा सिर पर लगा, तीन साल पहले बेटे की भी ट्रैक्टर दुर्घटना में हो चुकी थी मौत
Seoni 13 November 2025
सिवनी यशो:- कुरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कमकासुर मोड़ पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। खेत की ओर जा रहे एक किसान की ट्रैक्टर-कल्टीवेटर की कपलिंग टूटने से लोहे की चेन सिर में लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक किसान की पहचान भुवन मात्रे (38 वर्ष), निवासी तुईयापार (कुरई) के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा
गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे भुवन मात्रे ट्रैक्टर में कल्टीवेटर जोड़कर खेत की ओर जा रहे थे।
जब वे कमकासुर गांव के मोड़ पर पहुंचे, तभी कल्टीवेटर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया।
इस टक्कर से ट्रैक्टर और कल्टीवेटर की कपलिंग टूट गई, और उससे उचटकर निकला लोहे का हिस्सा सीधे किसान के सिर में जा लगा।
सिर में गंभीर चोट लगते ही किसान वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना देखकर तत्काल ट्रैक्टर रोका और
घायल किसान को कुरई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिक्षक ने दिखाई संवेदनशीलता
सूचना मिलने पर पीएमश्री हाई स्कूल धोबीसर्रा के शिक्षक कमलेश ठाकरे ने मृतक किसान की बेटी (कक्षा 9वीं की छात्रा) को विद्यालय से तत्काल घर भेजने की व्यवस्था की और
परिवार को हर संभव सहायता दी।
तीन वर्ष पूर्व बेटे की भी हो चुकी थी मौत
ग्रामवासियों के अनुसार, कुरई ट्रैक्टर हादसा में मृतक किसान भुवन मात्रे के परिवार पर पहले ही एक बड़ा संकट आ चुका था।
तीन वर्ष पूर्व उनके इकलौते बेटे की भी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
अब घर में केवल पत्नी और बेटी ही शेष रह गई हैं, जो इस त्रासदी से पूरी तरह टूट गई हैं।
दूसरी दुर्घटना: ट्रैक्टर-कल्टीवेटर कुएं में गिरा
इसी दिन दोपहर लगभग 2 बजे पलारी तिगड्डे से मानेगांव रोड पर एक और हादसा हुआ।
खेत में बखरनी करते समय ट्रैक्टर और कल्टीवेटर दोनों मानेगांव के पास एक कुएं में गिर गए।
गांववालों ने तत्परता दिखाते हुए किसान चालक को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस घटना में जानमाल की हानि नहीं हुई,
पर ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा है।
पुलिस जांच में जुटी
कुरई पुलिस ने हादसे के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना तकनीकी खराबी (कपलिंग टूटने) के कारण हुई प्रतीत होती है।



