सिवनीमध्यप्रदेश

टुरिया में शहीद मेला: जंगल सत्याग्रह के अमर शहीदों को नमन, परिजनों का सम्मान

शहीद स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित कर दी श्रद्धांजलि, विधायक कमल मर्सकोले ने कहा—नई पीढ़ी को शहीदों के संघर्ष से परिचित कराना जरूरी

टुरिया में शहीद मेला, जंगल सत्याग्रह के शहीदों को श्रद्धांजलि

Seoni, 09 October 2026
सिवनी यशो:- कुरई विकासखंड के ग्राम टुरिया में शुक्रवार को जंगल सत्याग्रह के अमर शहीदों की स्मृति में शहीद मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित कर वीर शहीदों को नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रगीत का गायन भी हुआ।

जंगल सत्याग्रह में अपने प्राणों की आहुति देने वालीं वीरांगनाओं रेनो बाई, मुड्डे बाई, देभो बाई तथा शहीद बिरझू भोई के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। शहीद परिवारों का सम्मान कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

टुरिया में जंगल सत्याग्रह के शहीदों को श्रद्धांजलि देते जनप्रतिनिधि
टुरिया में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करते जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी

जल, जंगल और जमीन आदिवासी समाज की संस्कृति का हिस्सा : मर्सकोले

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कमल मर्सकोले ने जंगल सत्याग्रह के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आदिवासी समाज का प्रकृति से गहरा संबंध रहा है। जल, जंगल और जमीन उसके जीवन, संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि राजा शंकरशाह, रघुनाथ शाह सहित अनेक जनजातीय शासकों और वीरों ने अंग्रेजों के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका संघर्ष और बलिदान देश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

विधायक मर्सकोले ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार समाज की प्रगति के प्रमुख आधार हैं। शिक्षा के बिना व्यक्ति और समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। सरकार इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाकर आमजन के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रयास कर रही है।

टुरिया में जंगल सत्याग्रह के शहीदों को श्रद्धांजलि देते जनप्रतिनिधि
टुरिया में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करते जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी

उन्होंने कहा कि टुरिया में आयोजित शहीद मेला केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को जंगल सत्याग्रह के शहीदों के संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराने का माध्यम भी है।

शहीदों की गाथा भावी पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : मीना बिसेन

जिला भाजपा अध्यक्ष मीना बिसेन ने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और योगदान की गाथा भावी पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के साथ देश और समाज के प्रति कर्तव्यबोध की प्रेरणा भी देते हैं।

जनपद पंचायत कुरई अध्यक्ष लोचन सिंह मर्सकोले ने भी जंगल सत्याग्रह के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया। पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित कर शहीदों के बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश सनोडिया, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, जनपद पंचायत सिवनी अध्यक्ष किरण भलावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

टुरिया में जंगल सत्याग्रह के शहीदों को श्रद्धांजलि देते जनप्रतिनिधि
टुरिया में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करते जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी

मेले में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी

टुरिया का शहीद मेला जंगल सत्याग्रह के वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ ग्रामीणों तक शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का माध्यम भी बना। मेले में ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

यह भी पढ़े :-

जंगलटोला में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, कांग्रेस ने मनाया काला दिवस

“धर्म से कमाई नहीं, कमाई से धर्म करो; यही पुण्य का मार्ग: शंकराचार्य सदानंद सरस्वती”

सिवनी में मतदाता सूची में नाम जोड़ने का विशेष अभियान, 7 से 9 अक्टूबर तक लगेंगे शिविर

https://www.facebook.com/share/p/1FFnNPpLvA/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button