मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, कांग्रेस ने मनाया काला दिवस
कांग्रेस जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी के विरोध में छिंदवाड़ा में निकली रैली, गांधी चौक पर धरना देकर भाजपा सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
छिंदवाड़ा में कांग्रेस का काला दिवस, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
Chhindwara, 08 October 2026
छिंदवाड़ा यशो:- भाजपा सरकार की कथित दमनकारी नीतियों और तानाशाही के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को काला दिवस मनाते हुए छिंदवाड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ के निर्देशानुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से रैली निकाली। हाथों में काली पट्टियां बांधकर निकले कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली राजीव भवन से शुरू होकर दशहरा मैदान होते हुए महात्मा गांधी चौक पहुंची। यहां कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता को पद से हटाने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा एकतरफा निर्णय लिए जा रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस ने दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य कांग्रेस सांसदों को जंतर-मंतर जाने से रोकने और उनकी गिरफ्तारी का भी विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रहे जनप्रतिनिधियों के साथ बलपूर्वक कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
‘वोट की चोरी’ के सवालों का जवाब सरकार क्यों दे रही—मागो
कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता द्वारा एकतरफा निर्णय लिए गए हैं और चुनावों में मनमानी के आरोप लगातार सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा चुनाव प्रक्रिया और कथित ‘वोट की चोरी’ को लेकर चुनाव आयोग से सवाल किए जा रहे हैं, लेकिन जवाब सरकार की ओर से दिया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “सरकार को चुनाव आयोग की चिंता इतनी अधिक क्यों है, यह बात अब जनता भी समझ रही है।”
मागो ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव निष्पक्ष होना बेहद जरूरी है। यदि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो निर्वाचन आयोग को उन सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव और कथित वोट हेराफेरी को रोकने के लिए तत्काल मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की।
‘निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक समय भारत का निर्वाचन आयोग दुनिया के सबसे भरोसेमंद चुनावी संस्थानों में गिना जाता था, लेकिन आज उसकी विश्वसनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
धरना एवं प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
यह भी पढ़े :-
गरीबों के निवाले पर डाका! अन्नदूत वाहन से चोरी-छिपे उतारा जा रहा था अनाज, देर रात छापा
पान के बरेजे फिर होंगे आबाद, प्रफुल्ल मिश्रा की पहल पर CM यादव ने की बड़ी घोषणा



