सांसद कुलस्ते के लिखित आश्वासन पर समाप्त हुआ निर्जला आमरण अनशन, विदुषी ऋचा गोस्वामी परिक्रमा पथ के लिए रवाना
बरगी बांध लिफ्ट इरिगेशन योजना पर नए सर्वे व DPR बनाने की सहमति, 2–3 वर्षों में खेतों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य
Seoni 01 February 2026
सिवनी यशो:- बरगी बांध से लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से क्षेत्र में स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर निर्जला आमरण अनशन पर बैठी विदुषी ऋचा गोस्वामी ने सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के लिखित आश्वासन के बाद 31 जनवरी को अपना अनशन समाप्त कर दिया। अनशन समाप्त करने के पश्चात वे परिक्रमा पथ के लिए रवाना हो गईं।
उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी को विदुषी ऋचा गोस्वामी के आंदोलन के समर्थन में कुंवर शक्ति सिंह सहित चार अन्य किसान भी आमरण अनशन पर बैठ गए थे। अनशनकारियों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही थी।
अत्यंत विषम परिस्थितियों में अनशन समाप्त करने के बावजूद विदुषी ऋचा गोस्वामी ने प्रारंभ में जल अथवा जूस ग्रहण करने से इंकार कर दिया था।
जनपद कार्यालय में हुई अधिकारियों के साथ अहम बैठक
इससे पूर्व सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते घंसौर पहुंचे,
जहां उन्होंने जनपद कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लिफ्ट इरिगेशन परियोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के पश्चात सांसद कुलस्ते अनशन स्थल पहुंचे और विदुषी ऋचा गोस्वामी से अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया।
इस पर विदुषी ऋचा गोस्वामी ने लिखित आश्वासन की मांग रखी,
जिसे सांसद कुलस्ते ने स्वीकार करते हुए लिखित पत्र प्रदान किया।
2019 की DPR, नए सर्वे और नई योजना पर बनी सहमति
सांसद द्वारा दिए गए आश्वासन पत्र में उल्लेख किया गया कि-
नर्मदा विकास प्राधिकरण के सदस्य श्री वर्मा, जबलपुर के तकनीकी अधिकारियों तथा
जल संसाधन विभाग सिवनी संभाग के कार्यपालन यंत्री के साथ हुई चर्चा में यह तथ्य सामने आया कि—
वर्ष 2019 में बरगी जलाशय से लगभग 14 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने हेतु DPR तैयार की गई थी।
योजना के अंतर्गत बरगी बांध में आवंटित जल के अतिरिक्त शेष जल को घंसौर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में लघु एवं मध्यम स्टोरेज बांध बनाकर लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से सिंचाई हेतु उपयोग करने का प्रस्ताव है।
इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए नए सर्वे एवं नई DPR तैयार करने पर सहमति बनी है,
जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
अनुमान है कि आगामी दो से तीन वर्षों में किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य साकार किया जाएगा।
किसानों से संघर्ष जारी रखने की अपील
सांसद कुलस्ते के लिखित आश्वासन के बाद विदुषी ऋचा गोस्वामी ने क्षेत्र के किसानों एवं संगठनों से अपील की कि-
लिफ्ट इरिगेशन योजना को धरातल पर उतारने तक निरंतर प्रयास और निगरानी जारी रखें।
कुल्लूधाम मंदिर में जल ग्रहण, सभी अनशन समाप्त
अनशन स्थल से परिक्रमा पथ के लिए रवाना होने के पश्चात विदुषी ऋचा गोस्वामी ने घंसौर–गोरखपुर मार्ग स्थित कुल्लूधाम मंदिर में जल ग्रहण किया।
इसकी सूचना उन्होंने अनशन पर बैठे कुंवर शक्ति सिंह एवं अन्य अनशनकारियों को दी,
जिसके बाद सभी अनशनकारियों ने भी जल ग्रहण कर अपना अनशन समाप्त किया।
किसानों के लिए निर्णायक पहल माना जा रहा आंदोलन
यह आंदोलन क्षेत्र के किसानों के लिए स्थायी सिंचाई सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आश्वासन कब और किस गति से धरातल पर उतरता है।



