प्रदेश में 5वीं-8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षा 20 फरवरी से, 25 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल
Seoni 06 February 2026
सिवनी यशो:- प्रदेश में शिक्षण सत्र 2025–26 के अंतर्गत कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाएं इस वर्ष बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ होकर 28 फरवरी 2026 तक संचालित होंगी। इसके लिए प्रदेशभर में 12 हजार 920 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 25 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा मंगलवार को परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि-
परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
परीक्षा में शासकीय विद्यालयों के साथ निजी स्कूल एवं मदरसों के विद्यार्थी भी सम्मिलित होंगे।
इस वर्ष 1 लाख 10 हजार 615 शासकीय, निजी शालाओं एवं मदरसों के कुल 24 लाख 90 हजार विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे।
इनमें से 522 निजी विद्यालयों के 20 हजार 736 विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार भाषा विषय का पृथक प्रश्नपत्र तैयार किया गया है,
जबकि अन्य विषयों के प्रश्नपत्र राज्य द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों पर आधारित होंगे।
आईटी पोर्टल से होगा पूरा परीक्षा प्रबंधन
प्रदेश में 5वीं 8वीं बोर्ड पैटर्न परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विशेष आईटी पोर्टल विकसित किया गया है।
इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों का सत्यापन, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण,
केंद्राध्यक्षों की मैपिंग,
परीक्षा सामग्री का वितरण, रोल नंबर व प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया की जाएगी।
इसके साथ ही उपस्थिति, मूल्यांकन कार्य और अंकसूची जारी करने की व्यवस्था भी इसी पोर्टल से होगी।
कोई भी पात्र विद्यार्थी परीक्षा से वंचित नहीं रहेगा
संचालक हरजिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
यदि कोई विद्यार्थी किसी कारणवश परीक्षा तिथि तक पंजीकृत नहीं हो पाया है,
तो भी उसे परीक्षा में सम्मिलित करने के निर्देश केंद्राध्यक्षों को दिए गए हैं।
ऐसे विद्यार्थियों की तकनीकी प्रविष्टि परीक्षा उपरांत पोर्टल पर की जाएगी।
परीक्षा में 86 हजार 109 शासकीय शालाओं, 23 हजार 980 अशासकीय शालाओं एवं 525 मदरसों के विद्यार्थी शामिल होंगे।



