नेशनल लोक अदालत में 5 मामलों का राजीनामे से निराकरण, ₹3.16 लाख का भुगतान

सिवनी यशो:- जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग, सिवनी द्वारा आयोजित नेशनल लोक अदालत के दौरान उपभोक्ताओं के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। लोक अदालत में राजीनामे के माध्यम से 05 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया, जिसमें संबंधित 05 हितग्राहियों को कुल ₹3,16,842/- (तीन लाख सोलह हजार आठ सौ बयालिस रुपये मात्र) की राशि का भुगतान कराया गया।
इस अवसर पर जिला उपभोक्ता आयोग के पीठासीन अध्यक्ष श्री उपेन्द्र कुमार सोनकर, सदस्या श्रीमती उषा शर्मा, मध्यस्थता सदस्य श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत एवं मध्यस्थता सदस्या श्रीमती चित्रा सहारे के कुशल मार्गदर्शन एवं समन्वय से उपभोक्ताओं को शीघ्र न्याय दिलाया गया। आयोग द्वारा एक ही दिवस में राजीनामे के आधार पर प्रकरणों का समाधान कर उपभोक्ता न्याय व्यवस्था में एक सराहनीय कीर्तिमान स्थापित किया गया।
उक्त कार्य में आयोग के कर्मचारियों का भी उल्लेखनीय योगदान रहा।
रीडर श्री सुनील कुमार सल्लाम, कम्प्यूटर प्रोग्रामर श्री राजेन्द्र कुमार सनोड़िया, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुखलाल कटरे, आशीष भलावी एवं करन सिंह उइके ने कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके साथ ही अधिवक्ता मुकेश अवधिया, टी.आर. राय, धनंजय अंधारे, आगा सिद्दकी, अनिरुद्ध जैसवाल, वीरेन्द्र सोनकेशरिया एवं मनोज पाल का सहयोग भी सराहनीय रहा, जिनके प्रयासों से उपभोक्ताओं को शीघ्र राहत प्राप्त हुई।
जिला उपभोक्ता आयोग सिवनी द्वारा किया गया यह प्रयास आम उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा एवं त्वरित न्याय की दिशा में एक प्रभावी उदाहरण है।



