देश विदेशमध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

यात्रियों की आवाज़ बने डॉ. बिसेन, रेल मंत्रालय तक पहुंचाईं सिवनी–बालाघाट–छिंदवाड़ा की मांगें

नई रेलगाड़ियाँ, दोहरीकरण और स्टेशन विस्तार पर केंद्र से सकारात्मक संकेत

Seoni 13 December 2025
सिवनी यशो:- पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन ने अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर क्षेत्र की यात्री सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण रेल मांगें उनके समक्ष पुनः रखीं। इस अवसर पर रेल कनेक्टिविटी, नई रेलगाड़ियों के संचालन, मार्ग विस्तार तथा आधारभूत संरचना विकास को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई।

सेवाग्राम एक्सप्रेस को नैनपुर तक विस्तारित करने की मांग

डॉ. बिसेन ने ट्रेन संख्या 12139/12140 मुंबई–नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस का संचालन नैनपुर तक किए जाने की मांग रखते हुए बताया कि यह गाड़ी वर्तमान में नागपुर में लगभग 15 घंटे का हॉल्ट लेती है। यदि इसे सप्ताह में तीन दिन छिंदवाड़ा–सिवनी होते हुए नैनपुर तथा तीन दिन तुमसर रोड–तिरोड़ी–कटंगी–बालाघाट मार्ग से नैनपुर तक विस्तारित किया जाए, तो सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट एवं मंडला जिलों के हजारों यात्रियों को नागपुर और मुंबई के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें:-सुकतरा चौराहे पर जल्द बनेगा फ्लाईओवर! पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन की पहल पर केंद्र ने दिखाई हरी झंडी

चित्रकूट एक्सप्रेस के छिंदवाड़ा विस्तार का प्रस्ताव

इसी क्रम में डॉ. बिसेन ने 15205/15206 लखनऊ–जबलपुर चित्रकूट एक्सप्रेस को नैनपुर–सिवनी–छिंदवाड़ा तक विस्तारित करने की मांग रखी।

उन्होंने बताया कि-

यह ट्रेन भी जबलपुर में लगभग 15 घंटे खड़ी रहती है।

मंत्री को अवगत कराया गया कि पूर्व में इस विस्तार की प्रक्रिया शुरू हुई थी, किंतु किसी कारणवश आगे नहीं बढ़ सकी।

बिलासपुर–इंदौर के बीच नई रेलगाड़ी की आवश्यकता

डॉ. बिसेन ने बालाघाट, सिवनी, मंडला एवं छिंदवाड़ा जिलों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप बिलासपुर से इंदौर के मध्य नई रेलगाड़ी प्रारंभ करने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस मार्ग पर केवल नर्मदा एक्सप्रेस उपलब्ध है,

जिस पर अत्यधिक यात्री दबाव रहता है।

यदि गोंदिया–बालाघाट–नैनपुर–सिवनी–छिंदवाड़ा–भोपाल–उज्जैन होते हुए इंदौर तक नई यात्री गाड़ी शुरू की जाती है,

तो क्षेत्रवासियों को भोपाल, इंदौर, रायपुर और बिलासपुर के लिए सीधी सुविधा मिलेगी।

नागपुर–नई दिल्ली अतिरिक्त गाड़ी पर जोर

चर्चा के दौरान डॉ. बिसेन ने नागपुर से नई दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त यात्री गाड़ी चलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि सिवनी से नई दिल्ली के लिए वर्तमान में केवल एक ही गाड़ी उपलब्ध है।

यदि नागपुर–छिंदवाड़ा–सिवनी–नैनपुर–जबलपुर होते हुए दिल्ली के लिए अतिरिक्त गाड़ी चलाई जाती है,

तो क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

पातालकोट व पेंचवैली एक्सप्रेस में कोच वृद्धि

पूर्व सांसद ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और वर्तमान असुविधाओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए पातालकोट एक्सप्रेस एवं पेंचवैली एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच जोड़ने की मांग रखी।

सिवनी–कटंगी रेल मार्ग व दोहरीकरण का प्रस्ताव

डॉ. बिसेन ने सिवनी–कटंगी (तिरोड़ी) नवीन रेल मार्ग का पुनः सर्वे कराकर निर्माण स्वीकृति देने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि पूर्व सर्वे में भू-अर्जन लागत अत्यधिक दर्शाए जाने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी।

इसके साथ ही उन्होंने नैनपुर–सिवनी–छिंदवाड़ा–आमला/नागपुर रेलखंड के दोहरीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि-

भविष्य में यात्री एवं माल परिवहन का दबाव और बढ़ना निश्चित है।

नैनपुर को सेंट्रल इंडिया का प्रमुख जंक्शन बनाने का सुझाव

डॉ. बिसेन ने नैनपुर स्टेशन के समुचित विकास का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि –

इसे विकसित किया जाए तो यह सेंट्रल इंडिया का प्रमुख रेल जंक्शन बन सकता है,

जिससे यात्री और मालवाहक गाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने डॉ. बिसेन को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा रखे गए सभी उपयोगी सुझावों एवं मांगों पर मंत्रालय गंभीरता से विचार करेगा।

https://www.facebook.com/share/p/17jtHNAHQf/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!