नाले के तेज बहाव मेेंं 60 वर्षीय वृद्ध बहा, बचाव दल तलाश में जुटा
सिवनी यशो:- जिले के बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम नकटिया के समीप बहने वाले नाले का पार करते समय पानी के तेज बहाव में वृद्ध बह गया। घटना की सूचना बंडोल पुलिस को दी गई, जिसके बाद एनडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीम व बंडोल पुलिस मौके पर पहुंच गई और वृद्ध की तलाश की जा रही है।
जिले सहित आस पास के जिलों में हो रही तेज बारिश के कारण नदी नाले उफान पर है और ऐसे में जरा सी असावधानी जान लेवा हो सकती है यह सब जानते हुये भी लोग गलती कर ही जाते है । ऐसा एक मामला सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र का सामने आया है जहाँ एक वृद्ध खेत से घर लौटते समय उफनते नाले को पार करते समय बह गया जिसकी तलाश पुलिस एवं बचाव दल द्वारा की जा रही है । देर रात तक वृद्ध के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है ।
प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम नकटिया निवासी धरमचंद पिता कमरलाल गौड़ 60 वर्ष आज दोपहर के समय खेत गया हुआ था, इसी दौरान हुई तेज बारिश से नकटिया के समीप बहने वाले नाले में पानी बढ़ गया, जिससे बहाव तेज हो गया। इस दौरान खेत से घर लौट रहा धरमचंद नाले को पार करते समय पैर फिसल जाने से पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की प्रत्यक्षदर्शी बालिका द्वारा घटना की सूचना परिजनों को दी गई। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, सूचना पर बंडोल पुलिस एवं एनडीआरएफ व होमगार्ड का दल मौके पर पहुंचा और नाले में धरमचंद की तलाश प्रारंभ कर दी गई। शाम होते तक नाले में पानी का तेज बहाव होने के चलते वृद्ध का पता नहीं चल पाया था और उसकी तलाश की जा रही थी।



