वर्ष 2024 के प्रथम प्रभात पर हुआ बड़े बाबा जी एवं 24वे तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का महामस्तकाभिषेक एवं शान्ति विधान
सिवनी यशो:- नव वर्ष की पूर्व संध्या पर प्रतिवर्ष की परंपरानुसार श्री दिगंबर जैन बड़े मंदिर जी में बड़े बाबा जी की वेदिका के सम्मुख स्थानीय जैन श्रद्धालुओ द्वारा महामंत्र णमोकार जी का सामुहिक अखंड पाठ आयोजित किया गया। देर रात्रि तक जारी रहे इस आयोजन में भारी शीतलहर के प्रभाव के बावजूद भी समाज के अबाल वृद्ध हर वर्ग की उपस्थिति बड़ी संख्या में प्रारंभ से अंत तक बनी रही।
उल्लेखनीय है कि लगभग 50 वर्षो से भी अधिक समय से नववर्ष की पूर्व संध्या पर महामंत्र णमोकार के इस मांगलिक अखंड पाठ का आयोजन निरंतर हर वर्ष सकल जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित किया जाता रहा है।
नव वर्ष के प्रथम प्रभात पर हुआ महाभिषेक एवं शांति विधान
वर्ष 2024 के प्रथम प्रभात पर रजत वेदिका के सुंदर आसन मे विराजित गगन चुम्बी जिनालय के मूल नायक अतिशयकारी, चैतन्य चमत्कारी बड़ेबाबा भगवान पार्श्वनाथ स्वामी का श्रद्धालुओ ने बड़े ही उत्साह एवं भक्ति भाव से महाभिषेक आयोजित किया इस अवसर पर विराजित प. पू. आचार्य श्री विभवसागर जी महाराज की सुशिष्या पूज्य आर्यिका श्री चर्याश्री माताजी ,क्षुल्लिका ह्रीम श्री माताजी के मुखारबिंद से विश्वशांति की कामना से अनेक ऋद्धि सिद्धि प्रदायक बीजाक्षरी महामंत्रो की शांतिधारा संपन्न कराई गई तत्पश्चात स्थानीय महिला समाज द्वारा बड़े बाबा जी के चौक में श्री 1008 शांतिनाथ महामंडल विधान का वृहत आयोजन किया गया।
24 वे तीर्थंकर का 2024 के प्रारंभ में हुआ विशेष महाभिषेक
वर्ष 2024 के प्रथम प्रभात पर श्री दिगंबर जैन छोटे मंदिर जी में प्रतिष्ठित 24 वे तीर्थंकर वर्तमान शासन नायक भगवान वर्धमान महावीर स्वामी की लाल वर्ण की प्राचीन प्रतिमा का महाभिषेक पूजन किया गया।
बड़े एवं छोटे मंदिर में रजत कलशों से श्रीजी की महाशांति धारा करने का सौभाग्य श्री सुरेश शुभांक जैन राजश्री, विवेक वैभव दिवाकर, मनोज हर्षित कौशल, जय कुमार,मनीष बाझल परिवार एवं संजय जैन पान वाले परिवार को उक्त मांगलिक सौभाग्य प्राप्त हुआ।
आशा और विश्वास नए साल के वो दो आयाम होते हैं, जो प्रेरणा को सही मायनों में परिभाषित करते हैं।नए साल में एक नई सोच की ओर कदम बढ़ाएं हौसलों से अपनी मंजिल पर पहुंच कर दिखाएं जो ख्वाब आंखो तक ही सिमट कर रह गया है चलिए नव वर्ष में उसे हकीकत में बदल कर दिखाएं।