राम मंदिर निर्माण के संघर्ष एवं सफलता के दोनो दौर देखने वाली भाग्यवान है वर्तमान पीढ़ी – डी.एन.
सिवनी यशो:- दिनांक 22 जनवरी 2023 को अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान की हम वह भाग्यशाली पीढ़ी है जिसने राम जन्म भूमि पर राम मंदिर के निर्माण के लिए संघर्ष एवं सफलता के दोनो ही दौर देखे निश्चित रूप से हमे इस बात का ध्यान रखना होगा कि इस सफलता के पीछे अनेक संघर्ष एवं बलिदान की गाथा नींव के पत्थर के रूप में दबी हुई है। वर्तमान नेतृत्व चाहे वह राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी हो, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी हो या उत्तरप्रदेश में सुशासन की स्थापना करने वाले मुख्यमंत्री योगी जी हो सभी महामना बधाई एवं शुभकामनाओं के पात्र है जिनके कार्यकाल में मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा का यह महान उपक्रम पूर्ण होने जा रहा है।
इन ऐतिहासिक हर्ष के क्षणों में सिवनी नगर स्थित सकल जैन समाज के क्रमश: दिगंबर श्वेतांबर,एवं तारण तरण जैन समाज के संयुक्त निर्णय अनुसार अपने सभी धर्मस्थल जिनमे श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर,छोटा जैन मंदिर, गुरुकुल जैन मंदिर,श्वेतांबर जैन मंदिर एवं तारण तरण जैन चैत्यलय में विद्युत झालर एवं दीप मालिकाओ से रोशनी कर प्रभु राम के इस महाउत्सव के परोक्ष साक्षी बन मंगल अनुमोदना करेंगे। उक्त विचार व्यक्त कर श्वेतांबर जैन समाज के सचिव संजय मालू ने कहा कि यही नहीं समाज के सभी घरों और प्रतिष्ठानों में भी पारंपरिक रंगोली व दीपमालिकाओं के माध्यम से रोशनी करी जाएगी।
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं तारण तरण जैन समाज से सुजीत जैन ने बताया कि भगवान राम किसी पंथ विशेष के नहीं अपितु जन जन के आदर्श है। अरिहंत वीतराग केवली परमात्मा के रूप में जैन धर्म में उनकी उपासना की जाती है।
उल्लेखनीय है पद्मपुराण जैन ग्रंथ में उनका सम्पूर्ण जीवन चरित विस्तार से मिलता है।
जिला भाजपा ,दिगंबर जैन समाज एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष सुदर्शन बाझल ने बताया कि राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट, विहिप,बजरंगदल द्वारा जैन धर्म के धर्मगुरू जनों को उक्त मांगलिक समारोह पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रण दे बहुमान प्रगट किया गया है।
आचार्य श्री विद्यासागर, विशुद्धसागर, सुधासागर,प्रमाणसागर, अतिवीर सागर, गणिनी आर्यिका ज्ञानमति माताजी, भट्टारक रविंद्रकीर्ति स्वामी,चारुकीर्ति स्वामी,डॉक्टर वीरेंद्र हेगड़े धर्मस्थल आदि अनेक संतो एवं मनीषियों को ससम्मान आमंत्रण पत्र प्रदान किया गया है।
श्री राम , पांच तीर्थंकर भगवान एवं चक्रवर्ती भरत भगवान की जन्मभूमि अयोध्या के उक्त समारोह में गणिनी ज्ञानमति माताजी वर्तमान में विराजित है उनके आशीर्वाद से भट्टारक रविंद्रकीर्ति जी द्वारा सकल जैन समाज की और से पूरे 8 दिनों तक आगंतुक लगभग 5 से 7 हजार श्रद्धालुओ को पारंपरिक सात्विक निशुल्क वात्सल्य भोज कराया जाएगा।
सकल जैन समाज की और से नरेश दिवाकर, जय कुमार जैन सीनियर एडवोकेट प्रकाश नाहटा,मिलन बाझल,संजय नायक, यशोधर दिवाकर,सुजीत जैन, प्रभात सेठ,पंडित संतोष जैन,प्रफुल्ल बंटी, विपनेश जैन, पंकज जैन एडवोकेट,अभय जैन,सुबोध बाझल,आलोक मालू,अतुल मालू,पारस जैन, आनन्द जैन,सुनील सेठ,संजय लोढ़ा,डॉक्टर अपूर्व, आलोक जैन,मनोज बाझल,सिद्धार्थ जैन,तरुण जैन,प्रभात वीडी, आदि ने श्री राम के आदर्शो के साथ सारे नगर के वातावरण को राममय करने की अपील की है।